National

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने आज सुबह दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों और सांसदों की हर घर तिरंगा बाइक रैली को झंडी दिखाई

स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले, केंद्रीय मंत्री और सांसद आज राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ प्रगति मैदान से तिरंगा बाइक रैली को रवाना किया। इसका समापन मेजर ध्‍यानचंद स्‍टेडियम में होगा। केंद्रीय संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी ने बताया कि यात्रा शहर के प्रगति मैदान से कर्तव्य पथ तक निकाली जा रही है। श्री रेड्डी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से 13, 14 और 15 अगस्त को अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आग्रह किया है।

आजादी का अमृत महोत्सव के तत्वावधान में देश में हर घर तिरंगा कार्यक्रम मनाया जाएगा, जिसमें लोगों को अपने परिसरों में झंडे फहराने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य लोगों के दिलों में देशभक्ति की भावना पैदा करना तथा इस महान राष्ट्र के निर्माण में योगदान देने वालों को याद करना है। पिछले वर्ष, इस अभियान को अपार सफलता मिली, जिसमें करोड़ों परिवारों ने अपने घरों में तिरंगा फहराया और छह करोड़ लोगों ने हर घर तिरंगा वेबसाइट पर सेल्फी भी अपलोड की।