National

बहुपक्षीय नौसैनिक अभ्यास मालाबार 2023 आज ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में शुरू होगा

बहुपक्षीय नौसेना का अभ्‍यास मालाबार 2023 आज ऑस्‍ट्रेलिया के सिडनी में हो रहा है। इस 11 दिवसीय अभ्‍यास में भारतीय नौसेना का स्‍वदेशी युद्धपोत आई एन एस सहयाद्री और आई एन एस कोलकाता भागीदारी करेंगे। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि इस अभ्‍यास में अमरीकी नौसेना के जहाज और विमान, जापान के आत्‍म रक्षा बल और रॉयल ऑस्‍ट्रेलियन नेवी भी भागीदारी करेंगे।

भारतीय नौसेना और अमरीकी नौसेना के बीच द्विपक्षीय अभ्‍यास के रूप में 1992 में मालाबार समुद्री अभ्‍यास की श्रृंखला की शुरुआत हुई थी। हिन्‍द-प्रशांत क्षेत्र में चार प्रमुख नौसेनाओं की भागीदारी से इन वर्षों में इस अभ्‍यास का विस्तार हुआ है। यह अभ्‍यास भारतीय नौसेना को अंतर-संचालनीयता को प्रदर्शित करने का एक अवसर प्रदान करता है। इस अभ्‍यास से भारतीय नौसेना को अपने सहयोगी राष्‍ट्रों से समुद्री सुरक्षा के श्रेष्‍ठ अभ्‍यासों का लाभ भी प्राप्‍त होता है।