Mumbai

देवेंद्र फडणवीस ने आदित्य ठाकरे पर साधा निशाना।

मुंबई। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शिवसेना उद्धव गुट के नेता आदित्य ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा है कि मुंबई में अच्छा काम होते देख कुछ लोगों को पेट में दर्द होता है।

आदित्य ठाकरे ने महानगरपालिका को लिखा था पत्र

वरली के विधायक आदित्य ठाकरे ने पिछले सप्ताह मुंबई महानगरपालिका के आयुक्त को पत्र लिखकर वेस्टर्न एवं ईस्टर्न हाइवे पर बने टोल नाकों को खत्म करने को कहा था, क्योंकि कार चालकों को वहां गड्ढों से गुजरना पड़ता है।

विकास देखकर कुछ लोगों को होता दर्दः फडणवीस

फडणवीस ने बुधवार को अगस्त क्रांति मैदान में माझी माटी, माझा देश (मेरी धरती, मेरा देश) कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में मुंबई बदल रही है।

उन्होंने कहा कि सड़कों को कंक्रीट से बनाने एवं अन्य सौंदर्यीकरण के काम बड़े पैमाने पर हो रहे हैं, लेकिन एक तरफ मुंबई में अच्छे काम हो रहे हैं, तो दूसरी ओर कुछ लोगों के पेट में दर्द हो रहा है। यदि उन्होंने (आदित्य) ने यही पत्र 25 वर्ष पहले लिखा होता, तो शायद मुंबई और बेहतर हो चुकी होती।

कार्यक्रम में शामिल हुए कई लोग

इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे एवं उपमुख्यमंत्री अजीत पवार भी उपस्थित थे। इस अवसर पर फडणवीस ने बीएमसी आयुक्त इकबाल सिंह चहल की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि आप अच्छा काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जाता है कि निंदक नियरे राखिए। इसी प्रकार कुछ निंदक आपके भी निकट बैठे हैं। वह आप पर रोज उंगली उठाएंगे। लेकिन उन्हें ऐसा करने का मौका न दीजिए। यदि मुंबई इसी तरह बदलती रही, तो मुख्यमंत्री शिंदे का गड्ढामुक्त मुंबई का स्वप्न जल्द पूरा होगा।