गढत हे नवा छत्तीसगढ़ : प्रदेश की आंचलिक खबरें एक नजर में
गौरेला पेंड्रा मरवाही : रीपा के तहत पतरकोनी में चल रहे कार्यों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण
कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने आज गौरेला विकासखंड के ग्राम पंचायत पतरकोनी में रीपा के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने मसाला व मिक्चर उत्पादन इकाई तथा फ्लाई एश निर्माण के लिए निर्माणाधीन शेड का अवलोकन किया। उन्होंने रीपा के तहत उत्पादित होने वाले वस्तुओं के लिए कच्चे माल की उपलब्धता एवं मशीन-उपकरण आदि की कार्ययोजना तैयार करने परियोजना निदेशक डीआरडीए को निर्देश दिए।
दंतेवाड़ा : कलेक्टर ने महुवा पेड़ के नीचे निदान शिविर में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
महुआ बस्तर वासियों के जीवन शैली का एक अभिन्न अंग रहा है। यही कारण है कि बस्तर का जीवन महुआ पेड़ के नीचे सदियों से पल रहा है। इसी परंपरा को निभाते हुए आज कलेक्टर विनीत नंदनवार बड़े कमेली, नेरली, पाढ़ापुर, दुगेली, मोलसनार निदान शिविर में पहुंचे। खुले आसमान और महुवा पेड़ के नीचे बैठ कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी।
दंतेवाड़ा : जनसंपर्क विभाग ने कटेकल्याण के साप्ताहिक हाट बाजार लगाई फोटो प्रदर्शनी
जनसंपर्क विभाग की ओर से शासकीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार व जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए कटेकल्याण के साप्ताहिक हाट बाजार में शिविर आयोजित की गई है। छत्तीसगढ़ शासन की ओर से चार वर्षों की प्राप्त उपलब्धियों और गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ की संकल्पना को साकार कर रही इन चार वर्षों में किये गए सेवा, जतन की झलकियां को छायाचित्र प्रदर्शनी के माध्यम से हाट बाजारों में प्रदर्शित किया जा रहा है।
बलरामपुर : नवपदस्थ मुख्य कार्यपालन अधिकारी रेना जमील ने किया पदभार ग्रहण
जिला पंचायत बलरामपुर-रामानुजगंज के नवपदस्थ मुख्य कार्यपालन अधिकारी रेना जमील ने आज सुबह में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का पदभार ग्रहण कर लिया है। नवपदस्थ जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रेना जमील 2019 बैच की भारतीय प्रशासनिक सेवा की अधिकारी हैं और इसके पूर्व वे अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सक्ती के पद पर पदस्थ थी।
धमतरी : शहर के रिसाईपारा वार्ड पश्चिम में खुलेगा नया राशन दुकान
नगर निगम क्षेत्र में उचित मूल्य दुकानों के युक्तियुक्तकरण के लिए शासन की ओर से जारी छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली नियंत्रण आदेश के अनुसार शहर के शासकीय उचित मूल्य दुकान रिसाईपारा वार्ड पूर्व में ज्यादा राशनकार्डधारी होने की वजह से अब वहां नया दुकान शासकीय उचित मूल्य दुकान रिसाईपारा वार्ड पश्चिम के रूप में संचालित किया जाना है।
जशपुरनगर : जनसंपर्क विभाग ने कुनकुरी विकासखण्ड के केराडीह हाटबाजार में फोटो प्रदर्शनी लगाई
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में राज्य सरकार के 4 वर्ष पूर्ण होने पर जिला जनसंपर्क कार्यालय जशपुर की ओर से कुनकुरी विकासखंड के केराडीह हाट बाजार में छायाचित्र फोटो प्रदर्शनी लगाई गई है। छायाचित्र फोटो प्रदर्शनी में जिले के उपलब्धियों को बताया जा रहा और छत्तीसगढ़ शासन की जलकल्याणकारी योजनाओं के बारे में आमजनों को जानकारी दी जा रही है।
जगदलपुर : नागरिकों तक सरलतापूर्वक सेवाएं पहुंचाना ही सुशासन : कलेक्टर
सुशासन सप्ताह पर कुम्हरावंड स्थित शहीद गुण्डाधुर कुषि महाविद्यालय के सभागार में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कलेक्टर चंदन कुमार ने कहा कि नागरिकों तक सरलतापूर्वक सेवाएं पहुंचाना ही सुशासन है। इसलिए सुशासन सप्ताह का थीम प्रशासन गांव की ओर रखा गया है।
नारायणपुर : कलेक्टर ने सी-मार्ट और आत्मानंद स्कूल का किया अवलोकन
जिला मुख्यालय नारायणपुर में स्व-सहायता समूह को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उनके द्वारा निर्मित विभिन्न उत्पादों के विक्रय के लिए बनाये गये सी-मार्ट का अवलोकन जिले के नवपदस्थ कलेक्टर अजीत वसंत ने किया। इस दौरान कलेक्टर वसंत ने समूह की महिलाओं से बातचीत की और महिला समूहों की ओर से तैयार की गयी सामग्री को करीब से देखा।
जगदलपुर : गौण खनिज के अवैध परिवहन के मामले में तीन ट्रैक्टर, तीन टिप्पर व एक हाईवा जब्त
कलेक्टर चंदन कुमार की ओर से दिए गए गौण खनिजों के अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के निर्देश पर कार्यवाही करते हुए शुक्रवार को खनिज विभाग की ओर से कार्यवाही करते हुए तीन ट्रैक्टर, तीन टिप्पर और एक हाईवा को जब्त करते हुए पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
बिलासपुर : शिविर में आपदा पीडि़त 7 परिवारों को 20 लाख के चेक वितरित
सुशासन सप्ताह के अंतर्गत विकासखंड मुख्यालय मस्तूरी के हाई स्कूल परिसर में आज जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आरबीसी 6-4 के तहत आपदा पीडि़त 7 हितग्राहियों को 20 लाख 18 हजार रुपए की सहायता राशि के चेक वितरित किये गये।
बालोद : अर्जुन्दा के तहसील बनने से अंचल के विकास में जुड़ा है नया अध्याय : मंत्री भेंडिया
महिला व बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री अनिला भेंडिया ने कहा कि अर्जुन्दा के तहसील बनने से इस अंचल में विकास का नया अध्याय जुड़ा है। उन्होंने कहा कि अर्जुन्दा के तहसील बनने का सर्वाधिक फायदा इस अंचल के किसानों को हुआ है। इस क्षेत्र के किसानों को अब अपने राजस्व संबंधी कार्यों के लिए तहसील कार्यालय गुण्डरदेही जाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है।
बीजापुर : कलेक्टर ने हरी झंडी दिखाकर स्कूली बच्चों को शैक्षणिक भ्रमण के लिए किया रवाना
उसूर ब्लॉक के दुगईगुड़ा पोटाकेबिन के 65 विद्यार्थियों को शैक्षणिक भ्रमण पर भेजा गया जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुडिय़म, उपाध्यक्ष कमलेश कारम और कलेक्टर राजेन्द्र कुमार कटारा ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दुगईगुड़ा पोटाकेबिन मे तर्रेम, चिन्नागेल्लूर जैसे सुदूर क्षेत्रों के बच्चे है जो पहली बार संभाग मुख्यालय जगदलपुर जाएंगे।
कोरबा : जिले के 53 हजार से अधिक ग्रामीण मनरेगा कार्य में संलग्न
महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत कोरबा जिले में विभिन्न प्रकार के विकास कार्य कराये जा रहे हैं। इससे ग्रामीण विकास के साथ-साथ ग्रामीणों को गांव में ही रोजगार भी मिल रहा है। वर्तमान में जिले में 53 हजार से अधिक ग्रामीण मनरेगा कार्य में संलग्न हैं। गांवों में दो हजार 335 से अधिक परिसंपत्ति निर्माण के कार्य कराये जा रहे हैं।
बेमेतरा : मुख्यमंत्री का भेंट मुलाकात अभियान कलेक्टर ने किया मुआयना
प्रदेश सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं व कार्यक्रमों के क्रियान्वयन का जायजा लेने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के प्रदेशव्यापी आम जनता से भेंट मुलाकात कार्यक्रम जारी है। इसके जरिए मुख्यमंत्री आम नागरिकों से योजनाओं का फिडबैक भी ले रहे हैं। कलेक्टर जितेंद्र कुमार शुक्ला ने कल ग्राम कठिया-रांका, नांदघाट नवागढ़ में तैयारियो का जायजा लिया।

