भारतीय सेना का ट्रक भीषण सड़क हादसे का शिकार, 16 जवान शहीद
दिल्ली । भारत-चीन सीमा के पास नॉर्थ सिक्कम में भारतीय सेना का ट्रक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया जिसमें 16 जवानों शहीद हो गए।
बताया जा रहा है कि अचानक ये ट्रक सड़क से फिसलकर खाई में गिर गया। इस हादसे में 3 अफसर और 13 सैनिक शहीद हो गए जबकि 4 जवान घायल बताए जा रहे हैं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, घायलों को उत्तरी बंगाल के एक सैन्य अस्पताल में हवाई मार्ग से ले जाया गया है।इस घटना पर शोक जताते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि सिक्किम में सड़क हादसे में मारे गए जवानों से दुखी हूं। उन्होंने कहा, सिक्किम में सड़क हादसे में हमारे वीर जवानों की शहादत से आहत हूं. शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना। घायल लोग जल्द स्वस्थ हों।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस सड़क हादसे पर दुख व्यक्त किया है. उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा, उत्तरी सिक्किम में एक सड़क दुर्घटना में भारतीय सेना के जवानों की जान जाने से गहरा दुख हुआ। राष्ट्र उनकी सेवा और प्रतिबद्धता के लिए हृदय से आभारी है. शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं. जो लोग घायल हुए हैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।

