राष्ट्रपति व उपराष्ट्रपति ने रतनलाल कटारिया के निधन पर जताया दुख
नई दिल्ली, 18 मई । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भारतीय जनता पार्टी के सांसद व पूर्व मंत्री रतनलाल कटारिया के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
राष्ट्रपति मुर्मू ने ट्वीट कर कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री और लोकसभा सांसद रतन लाल कटारिया के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। कटारिया की छवि एक लोकप्रिय जनसेवक की थी जो हरियाणा के विकास के लिए प्रयत्नशील रहे। उनके परिवार जनों व समर्थकों के प्रति मेरी गहन शोक-संवेदनाएं हैं।
उपराष्ट्रपति धनखड़ ने ट्वीट कर कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री रतन लाल कटारिया के निधन से स्तब्ध हूं। लोगों के कल्याण के लिए उनकी अटूट प्रतिबद्धता को हमेशा याद किया जाएगा। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके शोक संतप्त परिवार के साथ हैं।
उल्लेखनीय है कि हरियाणा के अंबाला से तीन बार के भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री रतन लाल कटारिया का गुरुवार को पीजीआई अस्पताल में निधन हो गया। वे 72 वर्ष के थे। कटारिया पांच दशक से भी अधिक समय से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े रहे। परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटे और एक बेटी है।
