6वीं एलीट महिला बॉक्सिंग चैम्पियनशिप आज से भोपाल में
भोपाल, 20 दिसंबर । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 6वीं एलीट महिला बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में अंतरराष्ट्रीय स्तर की महिला बॉक्सर्स का शानदार प्रदर्शन देखने को मिलेगा। प्रदेश की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया आज (मंगलवार को) यहां टी.टी. नगर स्टेडियम के मार्शल आर्ट भवन में इस रोमांचक चैम्पियनशिप का शुभारंभ करेंगी।
जनसम्पर्क अधिकारी बिन्दु सुनील ने बताया कि टीटी नगर स्टेडियम में 20 से 26 दिसंबर तक आयोजित 6वीं एलीट महिला बॉक्सिंग चैंम्पियनशिप में राज्य, केंद्र शासित प्रदेश और सर्विस, ऑल इंडिया पुलिस एवं रेलवे की 320 महिला बॉक्सर्स अपने प्रतिद्वंदियों को धराशायी करेंगी। चैम्पियनशिप में देश की एशियाई मुक्केबाजी की गोल्ड मेडलिस्ट लवलीना बोरगोहेन, विश्व जूनियर गोल्ड मेडलिस्ट निकहत जरीन तथा अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित निया लाथेर और सिमरनजीत कौर जैसी दिग्गज मुक्केबाज पंच बरसाती नजर आएंगी। मध्यप्रदेश राज्य बॉक्सिंग अकादमी की 12 बॉक्सर्स अलग-अलग वेट कैटेगरी में अपने पॉवर का प्रदर्शन करेंगी।

