National

ओडिशा: हनुमान जयंती बाइक रैली पर पथराव से संबलपुर में स्थिति तनावपूर्ण, धारा 144 लागू, इंटरनेट सेवा बंद

भुवनेश्वर, 13 अप्रैल  हनुमान जयंती से पूर्व मोटर साइकिल रैली के दौरान संबलपुर शहर में बुधवार को पत्थर फेंके जाने के बाद संबलपुर शहर में तनावपूर्ण स्थिति है। संबलपुर शहर के अधिकांश हिस्सों में धारा 144 लागू है। प्रशासन ने अगले 48 घंटे के लिए संबलपुर जिले में इंटरनेट सेवा बंद कर दी है।

गृह विभाग द्वारा इसे लेकर विज्ञप्ति जारी की गई है जिसमें बताया गया है कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ संदेशों को रोकने के लिए यह निर्णय किया है।

उल्लेखनीय है कि हनुमान जयंती से पूर्व हर वर्ष की तरह संबलपुर शहर में बाइक रैली निकाली जा रही थी। संबलपुर शहर के मोतीझरन के पास रैली के गुजरने के दौरान अचानक रैली पर पथराव किये गये। आसपास के घरों के छतों से पत्थर फेंके गये। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को इसका अंदेशा नहीं था। इस कारण वे भौचक्के रह गये। हमले में दस पुलिस कर्मचारियों सहित 20 लोग घायल हो गये। हनुमान जयंती समिति के कार्यकारी अध्यक्ष दामोदर कर व धनुपाली थाना के थानाधिकारी अनिता प्रधान समेत अनेक लोग घायल हैं।