भारत का सेमीकंडक्टर बाजार वर्ष 2030 तक बढ़कर 100 से 110 अरब डॉलर होने का अनुमान है
भारत का सेमीकंडक्टर बाजार वर्ष 2030 तक बढ़कर 100 से 110 अरब डॉलर होने का अनुमान है। केयर रेटिंग्स के अंतर्गत केयरएज एडवाइजरी की आज जारी रिपोर्ट के अनुसार, देश का सेमीकंडक्टर बाजार वर्ष 2026 के 45 से 50 अरब डॉलर से बढ़कर 2030 तक 100 से 110 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है। रिपोर्ट में कहा गया है कि इलेक्ट्रॉनिक्स, दूरसंचार, ऑटोमोबाइल प्रणालियों, एआई, डेटा सेंटर और डिजिटल बुनियादी ढांचे की बढ़ती मांग से इस क्षेत्र को गति मिलेगी।
रिपोर्ट के अनुसार, सेमीकंडक्टर राजस्व में नेटवर्किंग और संचार क्षेत्र की हिस्सेदारी वर्ष 2020 के 26 दशमलव एक प्रतिशत से बढ़कर 2030 तक 33 दशमलव तीन प्रतिशत होने का अनुमान है। इस क्षेत्र में वार्षिक चक्रवृद्धि वृद्धि दर 17 दशमलव आठ प्रतिशत रहने की संभावना है। इसके विपरीत, उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स की हिस्सेदारी 29 दशमलव एक प्रतिशत से घटकर 22 दशमलव दो प्रतिशत रह सकती है। यह डिजिटल बुनियादी ढांचे, क्लाउड कंप्यूटिंग और एआई आधारित मांग के बढ़ते योगदान को दर्शाता है।
सेमीकंडक्टर मिशन के अंतर्गत गुजरात, असम, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, पंजाब और आंध्र प्रदेश में एक लाख 64 हजार करोड़ रुपये से अधिक के कुल निवेश वाली 12 परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इनमें से पांच परियोजनाओं में वाणिज्यिक उत्पादन शुरू हो चुका है।

