मुंबई में 26 नवंबर से 24 घंटे तक जलापूर्ति प्रभावित, बीएमसी ने जारी की एडवाइजरी
मुंबई, 24 नवम्बर । मुंबईकरों को आने वाले दिनों में पानी की किल्लत का सामना करना पड़ सकता है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी)द्वारा मुख्य जल चैनलों में रिकवरी की मरम्मत का काम किए जाने के कारण 26 नवंबर से शहर के कई इलाकों में जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। यह मरम्मत कार्य 26 नवंबर को सुबह 9 बजे से शुरू होकर 27 नवंबर को सुबह 9 बजे तक लगातार 24 घंटे चलेगा।
पवई उच्च स्तरीय पेयजल क्रमांक-1 और सहार गांव के बीच स्थित मुख्य जल चैनलों में रिकवरी की समस्या सामने आई है। इसी रिकवरी को ठीक करने के लिए महानगरपालिका की ओर से मरम्मत कार्य किया जाएगा। इस दौरान संबंधित जल चैनलों से होने वाली पानी की आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
मरम्मत कार्य के चलते जी उत्तर , के दक्षिण , के उत्तर , एच पूर्व और एस डिवीजन के कुछ क्षेत्रों में जलापूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी। वहीं, के दक्षिण, एस और एन डिवीजन के कुछ इलाकों में पानी कम दबाव के साथ उपलब्ध होगा।
जलापूर्ति बंद रहने या कम दबाव से पानी मिलने का असर धारावी, माहिम, मारोल, चकाला, जे. बी. नगर, सहार, बांद्रा ईस्ट, खेरवाड़ी, विक्रोली, कंजूरमार्ग, भांडुप और गोदरेज सहित कई क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है।
मरम्मत के बाद भी 3 से 4 दिन तक हो सकती है परेशानी
महानगरपालिका के अनुसार, मरम्मत कार्य पूरा होने और जलापूर्ति दोबारा शुरू होने के बाद भी नागरिकों को तुरंत सामान्य स्थिति देखने को नहीं मिल सकती है। अगले तीन से चार दिनों तक कुछ क्षेत्रों में पानी कम दबाव से आने की संभावना है। इसके अलावा, कुछ क्षेत्रों में जलापूर्ति के दौरान गंदा या मतमैला पानी भी आ सकता है।
महानगरपालिका ने प्रभावित क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे मरम्मत कार्य शुरू होने से पहले अपनी जरूरत के अनुसार पर्याप्त मात्रा में पानी जमा कर लें। साथ ही, जलापूर्ति बहाल होने के बाद पानी का इस्तेमाल करने से पहले उसे अच्छी तरह छानने और उबालने के बाद ही पीने की सलाह दी गई है। बीएमसी ने नागरिकों से पानी का इस्तेमाल सावधानीपूर्वक और जरूरत के अनुसार करने की अपील की है, ताकि मरम्मत कार्य के दौरान होने वाली असुविधा को कम किया जा सके।
मुंबईकरों के लिए जरूरी सूचना: 26 नवंबर सुबह 9 बजे से 27 नवंबर सुबह 9 बजे तक पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी। इसलिए धारावी, माहिम, मारोल, चकाला, जे. बी. नगर, सहार, बांद्रा ईस्ट, खेरवाड़ी, विक्रोली, कंजूरमार्ग, भांडुप और गोदरेज सहित प्रभावित क्षेत्रों के निवासी पहले से पानी का पर्याप्त भंडारण कर लें।

