National

महावीरगंज में आवास चौपाल लगाकर हितग्राहियों को दिए निर्देश, जल्द शुरू करें प्रधानमंत्री आवास का निर्माण

बलरामपुर, 24 नवंबर । प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों का निर्माण समय पर पूरा कराने के लिए जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रणवीर साय ने ग्राम पंचायत महावीरगंज में आवास चौपाल लगाई। इस दौरान उन्होंने हितग्राहियों से आवास निर्माण की स्थिति की जानकारी ली और जिन लोगों ने अब तक काम शुरू नहीं किया है, उन्हें जल्द निर्माण शुरू करने के निर्देश दिए। निर्माणाधीन आवासों का काम भी तेजी से पूरा करने को कहा गया।

चौपाल में सीईओ ने कहा कि, पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ समय पर मिलना चाहिए। आवास निर्माण में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और स्वीकृत मकानों को निर्धारित समय में पूरा करने पर ध्यान दिया जाए। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें भी रखीं, जिनकी सुनवाई कर उन्हें आवश्यक जानकारी दी गई।

जिन हितग्राहियों के प्रधानमंत्री आवास बनकर पूरे हो चुके हैं, उन्हें पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के बारे में भी बताया गया। अधिकारियों ने उन्हें योजना में पंजीयन कराने और इसका लाभ लेने की प्रक्रिया की जानकारी दी।

आवास चौपाल में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के अनुविभागीय अधिकारी पौल खलखो, उप अभियंता अनुपम पाण्डेय, जनपद सदस्य राजकुमार यादव, ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिव सहित बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।