उन्नत एआई अनुसंधान के लिए आईआईटी खड़गपुर को गूगल देगा 50 लाख डॉलर
नई दिल्ली, 21 नवंबर । प्रौद्योगिकी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी गूगल ने शनिवार को कहा कि वह उन्नत कृत्रिम मेधा (एआई) अनुसंधान को विकसित करने और गति देने के लिए आईआईटी खड़गपुर को 50 लाख डॉलर (लगभग 46 करोड़ रुपये) की वित्तीय सहायता देगी।
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर के 75वें स्थापना दिवस के अवसर पर संस्थान के निदेशक सुमन चक्रवर्ती ने बताया कि व्यावहारिक एआई रिसर्च के लिए फंड का सहयोग देने की योजना संस्थान के पूर्व छात्र एवं गूगल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सुंदर पिचाई ने बनाई है।
कंपनी ने एक ब्लॉग पोस्ट में कहा कि, “गूगल, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी खड़गपुर) को पांच मिलियन (50 लाख) अमेरिकी डॉलर की फंडिंग दे रहा है। इसका उद्देश्य एडवांस्ड एआई रिसर्च को विकसित करने और तेज करने में मदद करना है, साथ ही भारत की अगली पीढ़ी के वैज्ञानिक और तकनीकी प्रतिभाओं को तैयार करना है।”
कंपनी के मुताबिक इस सहयोग के तहत संस्थान के शोधकर्ताओं और छात्रों को तीन प्रमुख क्षेत्रों में सहायता दी जाएगी। इनमें उन्नत कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) अनुसंधान, शैक्षणिक अवसरों का विस्तार और एआई क्षमता का निर्माण शामिल हैं। साथ ही उन्नत एआई अनुसंधान के तहत भारतीय भाषाओं, सामग्री विज्ञान, कृषि और शैक्षणिक प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों की वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए एआई के इस्तेमाल को बढ़ावा दिया जाएगा।
सुंदर पिचाई ने कहा, ‘‘आईआईटी खड़गपुर भारतीय भाषाओं, कृषि और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम कर रहा है। गूगल इस नई साझेदारी के जरिए इन प्रयासों को गति देने को लेकर उत्साहित है।’’
उन्होंने कहा कि आईआईटी खड़गपुर ने उनके जीवन को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और उन्हें उम्मीद है कि यह सहयोग विद्यार्थियों की अगली पीढ़ी के भविष्य को दिशा देने में मदद करेगा।
पिचाई ने कहा कि भारत नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। इस तरह के कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उस दृष्टिकोण को साकार करने में मदद करेंगे, जिसके तहत देश के प्रत्येक व्यक्ति तक एआई का लाभ पहुंचाना है। गौरतलब है कि गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई आईआईटी खड़गपुर के पूर्व छात्र हैं।

