FEATUREDSports

एशिया कप राइजिंग स्टार्स में भारत-ए का धमाकेदार आगाज, नेपाल की टीम 26 रन पर ढेर, 306 रनों से दर्ज की ऐतिहासिक जीत

एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में भारत-ए ने धमाकेदार जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है। वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने नेपाल को 306 रनों से करारी शिकस्त दी। भारत-ए के 333 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल की पूरी टीम महज 26 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में अपने इरादे साफ कर दिए।

भारतीय गेंदबाजों के सामने नेपाल के बल्लेबाजों ने टेके घुटने

333 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आई। नेपाल का कोई भी बल्लेबाज दहाई के आंकड़े तक नहीं पहुंच सका। टीम के पांच बल्लेबाज बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट चटकाते हुए नेपाल की पूरी पारी महज 26 रनों पर समेट दी।

प्रिंस यादव ने झटके पांच विकेट, हर्षित राणा को मिले चार विकेट

भारत की ओर से प्रिंस यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 ओवर में महज 6 रन देकर 5 विकेट हासिल किए। वहीं, हर्षित राणा ने 6 ओवर में 14 रन खर्च करते हुए 4 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। दोनों गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के आगे नेपाल की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई।

तिलक वर्मा और कुमार कुशाग्र के शतकों से भारत ने बनाए 332 रन

इससे पहले टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 332 रन बनाए। भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और अभिषेक शर्मा महज 9 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद आयुष बदोनी भी सिर्फ 2 रन बनाकर पवेलियन लौटे। वैभव सूर्यवंशी 32 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हुए। भारतीय टीम ने 42 रन के स्कोर पर तीन विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद कप्तान तिलक वर्मा और कुमार कुशाग्र ने पारी को संभाला।

चौथे विकेट के लिए 206 रनों की साझेदारी

तिलक वर्मा और कुमार कुशाग्र ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए चौथे विकेट के लिए 191 गेंदों में 206 रनों की साझेदारी की। कप्तान तिलक ने 113 गेंदों में 107 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने 6 चौके और 4 छक्के लगाए। वहीं, कुमार कुशाग्र ने 102 गेंदों में 117 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। दोनों बल्लेबाजों के शतकों ने भारतीय टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

सूर्यांश शेडगे ने अंतिम ओवरों में मचाया धमाल

तिलक और कुशाग्र के अलावा रिंकू सिंह ने 9 रन और शहबाज अहमद ने 8 रन बनाए। अंतिम ओवरों में सूर्यांश शेडगे ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 14 गेंदों में 36 रनों की नाबाद पारी खेली। उनकी इस पारी में कई बड़े शॉट देखने को मिले। नेपाल की ओर से गेंदबाजी में संदीप लामिछाने और ललित राजबंशी ने 3-3 विकेट हासिल किए। हालांकि, भारतीय बल्लेबाजों के दमदार प्रदर्शन के बाद नेपाली टीम मुकाबले में कोई चुनौती पेश नहीं कर सकी।