FEATUREDSports

एमेच्योर गोल्फ चैंपियनशिप ऑफ इंडिया के विजेता और उपविजेता के लिए नकद पुरस्कारों की घोषणा

नई दिल्ली, 20 नवंबर। भारतीय गोल्फ संघ (आईजीयू) ने देश में गोल्फ को करियर के रूप में अपनाने के लिए अधिक बच्चों और युवाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 125वीं भारतीय एमेच्योर गोल्फ चैंपियनशिप के विजेता और उपविजेता के लिए नकद पुरस्कारों की घोषणा की है। गुरुवार को की गई घोषणा के अनुसार, चैंपियनशिप के विजेता को 75 हजार रुपये और उपविजेता को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।

ऑल इंडिया एमेच्योर के नाम से भी मशहूर यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 7 से 13 दिसंबर, 2026 तक मुंबई के बॉम्बे प्रेसिडेंसी गोल्फ क्लब में आयोजित किया जाएगा।यह प्रतियोगिता दुनिया की सबसे लंबे समय से आयोजित हो रही एमेच्योर मैचप्ले गोल्फ प्रतियोगिता है। इसका आयोजन वर्ष 1892 से किया जा रहा है।

इस चैंपियनशिप में देश के लगभग 100 से 110 शीर्ष एमेच्योर गोल्फर हिस्सा लेंगे। इनमें आईजीयू ऑर्डर ऑफ मेरिट के शीर्ष 60 खिलाड़ी और शेष राष्ट्रीय क्वालीफायर के माध्यम से चयनित खिलाड़ी शामिल होंगे। सभी खिलाड़ी प्रतिष्ठित खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे।

पिछले वर्ष 124वीं भारतीय एमेच्योर गोल्फ चैंपियनशिप का खिताब सुखमन सिंह ने जीता था। उन्होंने कोलकाता के टॉलीगंज क्लब में खेले गए 36 होल के फाइनल में हरमन सचदेवा को हराकर खिताब अपने नाम किया था।

नकद पुरस्कारों की घोषणा करते हुए भारतीय गोल्फ संघ के अध्यक्ष बृजिंदर सिंह ने कहा कि भारतीय एमेच्योर गोल्फ चैंपियनशिप दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित एमेच्योर मैचप्ले प्रतियोगिता है और इसका गौरवशाली इतिहास रहा है। संघ अधिक बच्चों को गोल्फ को करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना चाहता है। विजेता और उपविजेता को नकद पुरस्कार देने से खिलाड़ियों को पूरे साल लगातार बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी। इसके अलावा उन्हें भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए कुछ बेहतरीन अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में खेलने का अवसर भी मिलेगा।

अपने कार्यकाल के दौरान भारतीय गोल्फ संघ की ओर से उठाए गए कदमों के बारे में बताते हुए बृजिंदर सिंह ने कहा कि पिछले चार वर्षों में संघ ने गोल्फ को केवल टियर-1 और टियर-2 शहरों तक सीमित न रखते हुए जमीनी स्तर पर भी बढ़ावा देने के लिए कई कदम उठाए हैं।

उन्होंने बताया कि संघ ने पूर्वोत्तर भारत में भी इस खेल का विस्तार किया है, राष्ट्रीय टीम के खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए हैं और आरएंडए लेवल-3 टीएआरएस कार्यक्रम संचालित किया है। इसके अलावा भारतीय टीमों को 50 से अधिक अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भेजा गया है। संघ ने राष्ट्रीय खेल शासन अधिनियम 2025 के अनुरूप अपने ज्ञापन और उपनियम (एमओए) में भी बदलाव किए हैं।