FEATUREDNational

यूपी सरकार श्री काशी विश्वनाथ धाम में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकारी जमीन गृह मंत्रालय को आवंटित करेगी

श्री काशी विश्वनाथ धाम की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार वाराणसी में चार एकड़ से ज्‍यादा भूमि गृह मंत्रालय को आवंटित करेगी। इसका उद्देश्य मंदिर परिसर के पास केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की स्थायी तैनाती और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है। हालांकि भूमि का आवंटन सक्षम न्यायालय के निर्णय के अधीन रहेगा।

यह भूमि वाराणसी की सदर तहसील के किला कोहना और सरेताबाद गांवों में है। मौजूदा सर्किल रेट के अनुसार इसका अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 44 करोड़ रुपये से अधिक है।

विशेष प्रावधानों के अंतर्गत सरकारी संपत्ति प्रबंधन (संशोधन) नियम, 2003 के अनुसार, यह भूमि अधिकतम 90 वर्ष की अवधि के लिए निःशुल्क आवंटित की जाएगी। इसके लिए 30-30 वर्ष की अवधि पर पट्टे का नवीनीकरण किया जाएगा।

काशी विश्वनाथ धाम के पुनर्विकास के बाद प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु और पर्यटक दर्शन के लिए मंदिर आते हैं। लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या और क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए केंद्रीय सुरक्षा बलों की स्थायी तैनाती से सुरक्षा के बहुस्तरीय प्रबंध और मजबूत होने की उम्मीद है।

पट्टे की शर्तों के अनुसार, इस भूमि का हस्तांतरण नहीं किया जा सकेगा और इसका उपयोग केवल निर्धारित सुरक्षा उद्देश्यों के लिए ही होगा। भूमि का स्वामित्व उत्तर प्रदेश सरकार के राजस्व विभाग के पास ही रहेगा।