वैश्विक कमजोरी के बीच भारतीय बाजार की शानदार रिकवरी, 463 अंक टूट कर खुलने के बाद हरे निशान में लौटा सेंसेक्स
नई दिल्ली, 20 नवंबर । घरेलू शेयर बाजार में आज जोरदार गिरावट के साथ शुरुआत होने के बाद शानदार रिकवरी का माहौल बना हुआ नजर आ रहा है। ग्लोबल मार्केट से मिले बेहद कमजोर संकेतों, अमेरिकी बाजार में तकनीकी शेयरों की बड़ी बिकवाली और एशियाई बाजारों में आए भूचाल के कारण आज सुबह घरेलू बाजार पर भारी दबाव देखा गया, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी 50 दोनों प्रमुख सूचकांकों ने बड़ी गिरावट के साथ कारोबार की शुरुआत की। हालांकि, बाजार खुलने के कुछ देर बाद ही घरेलू संस्थागत निवेशकों और आईटी सेक्टर के शेयरों में खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इन दोनों सूचकांकों की चाल में तेजी से सुधार होने लगा। पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.02 प्रतिशत और निफ्टी 50 सूचकांक 0.01 प्रतिशत की सांकेतिक बढ़त के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे थे।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स आज कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच 463.50 अंक यानी 0.56 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ 82,558.25 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, मेटल और कैपिटल गुड्स क्षेत्र के दिग्गज शेयरों में बिकवाली का दबाव देखने को मिला। इस बिकवाली के कारण यह सूचकांक शुरुआती मिनट में ही फिसल कर 82,403.27 अंक के स्तर तक गिर गया। हालांकि, बाद में आईटी, हेल्थकेयर और प्राइवेट बैंकिंग सेक्टर के शेयरों से मिले मजबूत सपोर्ट के कारण यह सूचकांक निचले स्तर से तेजी से रिकवर करने लगा। बाजार में लगातार जारी खरीद-बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 14.55 अंक यानी 0.02 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 83,036.30 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की ही तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी 50 ने भी आज 146.30 अंक यानी 0.57 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 25,368 अंक के स्तर से अपने कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही चौतरफा बिकवाली के दबाव में यह सूचकांक फिसल कर 25,345 अंक के स्तर तक नीचे चला गया था। हालांकि, कुछ देर बाद ही निचले स्तर पर खरीदारों के एक्टिव हो जाने के कारण इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 50 सूचकांक 1.80 अंक यानी 0.01 प्रतिशत की सांकेतिक तेजी के साथ 25,516.10 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेक्टोरल फ्रंट पर आज आईटी, टेक, हेल्थकेयर और बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में मजबूती का रुख बना हुआ है, जिससे बाजार को निचले स्तर पर बड़ा सहारा मिल रहा है। दूसरी ओर, मेटल, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, कैपिटल गुड्स, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइजेज और ऑयल एंड गैस सेक्टर के शेयरों में मुनाफावसूली का दबाव हावी है, जिसके चलते इन सेक्टर्स के इंडेक्स लाल निशान में कारोबार करते हुए नजर आ रहे हैं।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,909 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 953 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,956 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 14 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 16 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 22 शेयर हरे निशान में और 28 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
आज सुबह के शुरुआती कारोबारी सत्र में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर दिग्गज कंपनियों में से टॉप गेनर्स की सूची में मैक्स हेल्थकेयर 4.13 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,083.60 रुपये के भाव पर सबसे आगे बना हुआ था। इसके अलावा अपोलो हॉस्पिटल्स 4.05 प्रतिशत उछलकर 9,092 रुपये, टेक महिंद्रा 2.61 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,768 रुपये, एचसीएल टेक्नोलॉजीज 1.70 प्रतिशत की मजबूती के साथ 1,355.60 रुपये और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज 1.64 प्रतिशत की बढ़त के साथ 2,381.10 रुपये के स्तर पर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे।
दूसरी ओर, बाजार में बिकवाली के दबाव में फंसे टॉप लूजर्स में टाइटन कंपनी 3.36 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 4,542.30 रुपये के भाव पर सबसे आगे चल रहा था। इसके साथ ही टाटा स्टील 3.27 प्रतिशत टूटकर 174.98 रुपये, जेएसडब्ल्यू स्टील 2.03 प्रतिशत की गिरावट दिखाते हुए 1,309.70 रुपये, बीएसई लिमिटेड 1.37 प्रतिशत की मंदी के साथ 3,713.30 रुपये और इटरनल 0.91 प्रतिशत की सुस्ती के साथ 363.50 रुपये के स्तर पर लाल निशान में बने हुए थे।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन गुरुवार को सेंसेक्स 989.94 अंक यानी 1.21 प्रतिशत की मजबूती के साथ 83,021.75 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 286.35 अंक यानी 1.14 प्रतिशत की उछाल के साथ 255,14.30 अंक के स्तर पर गुरुवार के कारोबार का अंत किया था।

