युजवेंद्र चहल ने रचा इतिहास, टी20 क्रिकेट में 400 विकेट लेने वाले पहले भारतीय बने
भारतीय स्पिनर युजवेंद्र चहल ने टी20 क्रिकेट में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। वह इस प्रारूप में 400 विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। चहल ने बुधवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी एलीट 2026 के ग्रुप-बी मुकाबले में तमिलनाडु के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने 4 ओवर में 16 रन देकर 3 विकेट झटके। चहल के इस प्रदर्शन की बदौलत हरियाणा ने तमिलनाडु को 7 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में जीत का खाता खोला।
346 मुकाबलों में चहल के नाम 402 विकेट
युजवेंद्र चहल अब तक 346 टी20 मुकाबलों में 402 विकेट हासिल कर चुके हैं। इस सूची में भुवनेश्वर कुमार 366 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि जसप्रीत बुमराह 354 विकेट लेकर तीसरे पायदान पर हैं। पीयूष चावला 329 और रविचंद्रन अश्विन 323 विकेट के साथ शीर्ष पांच भारतीय गेंदबाजों में शामिल हैं।
125 रन पर सिमटी तमिलनाडु की टीम
इंदौर के डेली कॉलेज ग्राउंड पर खेले गए इस मुकाबले में टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी तमिलनाडु की टीम 19.5 ओवर में 124 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम को महज 3 रन के स्कोर पर तुषार रहेजा (1) के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद बालासुब्रमण्यम सचिन ने अमित सात्विक (38) के साथ दूसरे विकेट के लिए 51 रन जोड़े। उन्होंने एन. जगदीशन (9) के साथ तीसरे विकेट के लिए भी 22 रन की साझेदारी की। इस तरह टीम 76 रन तक पहुंची। इनके अलावा कप्तान साई किशोर ने 19 और शाहरुख खान ने 22 रन का योगदान दिया।
चहल और निशांत संधू ने झटके 3-3 विकेट
हरियाणा की ओर से युजवेंद्र चहल ने 4 ओवर में 16 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। वहीं, निशांत संधू ने 22 रन देकर 3 विकेट झटके। इनके अलावा कनिष्क चौहान और राहुल तेवतिया को 1-1 विकेट मिला।
हरियाणा ने 16.1 ओवर में हासिल किया लक्ष्य
125 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरियाणा की टीम ने 16.1 ओवर में 3 विकेट गंवाकर जीत दर्ज कर ली। अर्श रंगा और यशवर्धन दलाल ने पहले विकेट के लिए 35 रन जोड़े। अर्श 18 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद यशवर्धन दलाल ने कप्तान अंकित कुमार के साथ दूसरे विकेट के लिए 40 रन की साझेदारी की। यशवर्धन 19 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 21 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
अंकित और निशांत ने दिलाई हरियाणा को जीत
अंकित कुमार ने निशांत संधू के साथ तीसरे विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी कर टीम को जीत के करीब पहुंचाया। अंकित 43 रन बनाकर आउट हुए, जबकि निशांत संधू 37 रन बनाकर नाबाद रहे। तमिलनाडु की ओर से वी. अथिसयाराज डेविडसन, गुरजपनीत सिंह और साई किशोर ने 1-1 विकेट हासिल किया।

