National

अम्बिकापुर : 19 लोगों की जान लेने वाला ‘कबरा कान’ हाथी छठे दिन ट्रैंकुलाइज, कुमकी हाथियों की मदद से मिली सफलता

अम्बिकापुर, 18 नवंबर। अविभाजित सरगुजा क्षेत्र में लंबे समय से आतंक का पर्याय बने और अब तक 19 लोगों की जान ले चुके उत्पाती हाथी ‘कबरा कान’ को आखिरकार वन विभाग की टीम ने छठे दिन काबू में कर लिया है। बुधवार को उदयपुर वन परिक्षेत्र के चकेरी रोड से सटे तेंदूटिकरा जंगल में चलाए गए एक सघन रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान विशेषज्ञों ने उसे ट्रैंकुलाइज किया। प्रशिक्षित कुमकी हाथियों ‘तीरथ राम’ और ‘दुर्योधन’ की मदद से हाथी के गले में ट्रैंकुलाइजर गन से डार्ट दागा गया, जिसके बाद वह धीरे-धीरे बेहोश हो गया। इस सफलता के साथ ही वन विभाग और स्थानीय ग्रामीणों ने बड़ी राहत की सांस ली है।

वन विभाग के लिए यह अभियान आसान नहीं था। उदयपुर वन परिक्षेत्र के सरमा, चकेरी और तेंदूटिकरा के जंगलों में हाथियों के दो अलग-अलग दल (एक में 5 और दूसरे में 13 हाथी) विचरण कर रहे थे। इससे पहले 16 नवंबर को भी टीम ने कुमकी हाथियों की मदद से कबरा कान को घेरने की कोशिश की थी, लेकिन तब कबरा कान ने आक्रामक रुख अपनाते हुए कुमकी हाथियों को ही पीछे हटने पर मजबूर कर दिया था। सुरक्षा कारणों से उस दिन टीम को पीछे हटना पड़ा था। इसके बाद से ही विभाग लगातार उसकी लोकेशन ट्रैक कर रहा था और बुधवार को सटीक रणनीति के तहत उसे पकड़ने में कामयाबी हासिल की।

एक तरफ जहां कबरा कान के पकड़े जाने से क्षेत्र में खुशी है, वहीं दूसरी तरफ जंगल में मौजूद हाथियों के अन्य दलों ने ग्रामीणों की नींद उड़ा रखी है। सोमवार रात हाथियों के एक दल ने चकेरी बस्ती में घुसकर एक भैंस को मार डाला, जिससे ग्रामीणों में भारी दहशत है। इसके अलावा, हाथियों के झुंड लगातार खेतों में खड़ी धान की फसलों को रौंदकर बर्बाद कर रहे हैं।

सुरक्षा के मद्देनजर वन विभाग ने ग्रामीणों के जंगल में जाने पर रोक लगा दी है, जिससे उनके सामने दोहरी चुनौती खड़ी हो गई है। तेंदूटिकरा के ग्रामीणों और ग्राम सरमा के चरवाहे पीला राम का कहना है, “हाथियों के डर से रात में ठीक से नींद नहीं आती। हमें रातभर जागकर अपने घरों और फसलों की रखवाली करनी पड़ रही है। बीती रात भैंस के मारे जाने के बाद से आगे और बड़े नुकसान की चिंता सता रही है।” फिलहाल, कबरा कान के रेस्क्यू से एक बड़ा संकट टल गया है, लेकिन आसपास के जंगलों में सक्रिय अन्य हाथियों के दलों से खतरा अभी भी बरकरार है।