FEATUREDNational

नामसाई में बुद्ध की पवित्र अस्थियों के दर्शन के लिए दो दिन में पहुंचे 12 हजार से अधिक श्रद्धालु, तीन केंद्रों पर संख्या 78 हजार के पार

नई दिल्ली, 17 नवंबर । अरुणाचल प्रदेश के नामसाई स्थित गोल्डन पैगोडा में भगवान बुद्ध की पवित्र अस्थियों के दर्शन के लिए पहले दो दिनों में 12 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे। साथ ही तवांग, बोमडिला और नामसाई में आयोजित प्रदर्शनी में 15 नवंबर तक श्रद्धालुओं की कुल संख्या 78 हजार से अधिक हो गई। नामसाई में पवित्र अस्थियों के दर्शन 20 नवंबर तक सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक किए जा सकेंगे।

केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के अनुसार, नामसाई में 14 और 15 नवंबर को 12 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र अस्थियों के दर्शन किए। इससे पहले तवांग में 31 हजार से अधिक और बोमडिला में 35 हजार से अधिक श्रद्धालु प्रदर्शनी में पहुंचे थे। नामसाई में प्रदर्शनी भगवान बुद्ध की पवित्र अस्थियों की अरुणाचल प्रदेश में तीसरी और अंतिम चरण की प्रदर्शनी है। यह आयोजन 31 अक्टूबर से 21 नवंबर तक किया जा रहा है।

पवित्र अस्थियां 14 नवंबर को नामसाई पहुंचीं और गोल्डन पैगोडा (कोंगमु खाम) में विधिवत स्थापित की गईं। अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल कैवल्य त्रिविक्रम परनाइक (सेवानिवृत्त) ने उपमुख्यमंत्री चाउना मेन और अंतरराष्ट्रीय बौद्ध परिसंघ के महानिदेशक राघव प्रसाद भटनागर की उपस्थिति में प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर राज्य के मंत्री, जनप्रतिनिधि, बौद्ध भिक्षु और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए क्षेत्रवार दर्शन कार्यक्रम जारी किया है। इसके तहत 16 नवंबर को लाथाओ और नामसाई सर्किल, 17 नवंबर को पियोंग और लेकांग सर्किल के श्रद्धालुओं के लिए दर्शन की व्यवस्था की गई है। 18 नवंबर को चांगलांग, जयरामपुर, बोर्डुमसा, मियाओ, दियुन, तिराप और लोंगडिंग के श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। 19 नवंबर को मेचुका, तूतिंग, गेलिंग, तेजू, अंजाव (मेयोर), लोअर दिबांग वैली और रक्षा कर्मियों के लिए व्यवस्था की गई है। 20 नवंबर को असम और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों के श्रद्धालु तथा पहले के दिनों में दर्शन नहीं कर सके लोग अस्थियों के दर्शन कर सकेंगे।

मंत्रालय के अनुसार, पवित्र अस्थियां नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय संग्रहालय में संरक्षित हैं। ये उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के पिपरहवा से प्राप्त हुई थीं। यह स्थल प्राचीन कपिलवस्तु और शाक्य परंपरा से जुड़ा है। इन अस्थियों का ऐतिहासिक, पुरातात्विक और आध्यात्मिक महत्व है। अरुणाचल प्रदेश में 13 वर्ष के अंतराल के बाद इनकी प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है।

तवांग में 31 अक्टूबर से 7 नवंबर तक गादेन नामग्याल ल्हात्से मठ में प्रदर्शनी लगी थी। इसके बाद 8 से 13 नवंबर तक बोमडिला के थुबचोग गत्सेल लिंग मठ में श्रद्धालुओं ने अस्थियों के दर्शन किए। तवांग और बोमडिला में क्रमशः महायान और वज्रयान बौद्ध परंपराओं का प्रभाव है, जबकि नामसाई थेरवाद बौद्ध विरासत का प्रमुख केंद्र है।

गोल्डन पैगोडा के ध्यान केंद्र में राष्ट्रीय संग्रहालय और अंतरराष्ट्रीय बौद्ध परिसंघ की ओर से दो विशेष प्रदर्शनियां भी लगाई गई हैं। इनमें ‘अनअर्थिंग द सेक्रेड पिपरहवा : द स्टोरी ऑफ द होली बुद्धा रेलिक्स एंड देयर डिस्कवरी’ के माध्यम से पिपरहवा की खोज, पुरातात्विक उत्खनन और पवित्र अवशेषों के इतिहास को दर्शाया गया है। इसमें पिपरहवा के बहुमूल्य रत्न संग्रह की भारत वापसी की जानकारी भी दी गई है। यह संग्रह 2025 में एक सदी से अधिक समय बाद भारत लौटा था। दूसरी प्रदर्शनी ‘क्रॉसरोड्स ऑफ धम्मा : क्लासिकल लेगेसीज, लिविंग आर्ट एंड एंथ्रोपोलॉजिकल पर्सपेक्टिव्स’ बौद्ध कला, संस्कृति और जीवंत परंपराओं पर केंद्रित है।

प्रदर्शनी का आयोजन संस्कृति मंत्रालय, अरुणाचल प्रदेश सरकार, राष्ट्रीय संग्रहालय और नई दिल्ली स्थित अंतरराष्ट्रीय बौद्ध परिसंघ के सहयोग से किया जा रहा है। 20 नवंबर को नामसाई में दर्शन संपन्न होने के बाद पवित्र अस्थियों को 21 नवंबर को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय संग्रहालय वापस ले जाने का कार्यक्रम है।