FEATUREDNational

महादेव ऐप मामले में 6 राज्यों के 33 ठिकानों पर सीबीआई की छापेमारी, सट्टेबाजी के पैनल कराए बंद

नई दिल्ली, 14 नवंबर )। महादेव ऑनलाइन बुक ऐप के अवैध सट्टेबाजी नेटवर्क के खिलाफ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने छह राज्यों में 33 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। पिछले कुछ दिनों के दौरान की गई इस कार्रवाई में सट्टेबाजी और जुआ खेलने के सक्रिय पैनल संचालित पाए गए, जिन्हें बंद करा दिया गया। तलाशी के दौरान म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के इस्तेमाल से जुड़े डिजिटल उपकरण, मोबाइल फोन और आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए गए।

सीबीआई के अनुसार, यह कार्रवाई महादेव ऐप के प्रमुख प्रवर्तकों में से एक और मुख्य आरोपित सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर की गई। चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद 01 नवंबर को गिरफ्तार किया गया था। रायपुर की विशेष सीबीआई अदालत ने उसे आठ दिन की पुलिस हिरासत में सौंपा था। पूछताछ में प्लेटफॉर्म के संचालन और भारत में इसके पैनल संचालकों के नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां मिलीं।

सीबीआई ने अमृतसर, दिल्ली, नागौर, धौलपुर, भोपाल, रायपुर, दुर्ग, इंदौर, अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, मुंबई और नागपुर में तलाशी ली। जांच एजेंसी ने बताया कि तलाशी में मिले डिजिटल और दस्तावेजी साक्ष्यों के संबंध में भी चंद्राकर से पूछताछ की गई।

पुलिस हिरासत की अवधि समाप्त होने के बाद चंद्राकर को 12 नवंबर को रायपुर की विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

सीबीआई ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार से मामला स्थानांतरित होने के बाद महादेव ऑनलाइन बुक के संबंध में दो प्राथमिकी दर्ज की गई थीं। अब तक की जांच में सामने आया है कि यह प्लेटफॉर्म विदेश स्थित मुख्य कार्यालय से संचालित होता है और भारत में पैनल संचालकों के बड़े नेटवर्क के जरिए काम करता है। ये संचालक ग्राहकों की आईडी संभालते हैं और सट्टेबाजी की रकम ऐसे बैंक खातों में जमा कराते हैं, जो दूसरे लोगों के नाम पर विशेष रूप से खोले गए या किराये पर लिए गए होते हैं। इसके बाद हवाला के माध्यम से मुनाफे की रकम विदेश भेजी जाती है।

जांच एजेंसी इस अवैध गतिविधि में शामिल अन्य आरोपितों, विदेश में मौजूद आरोपितों, नेटवर्क के संचालन में मदद करने वाले व्यक्तियों और संबंधित लोक सेवकों की भूमिका की भी जांच कर रही है। फरार आरोपितों के प्रत्यर्पण के लिए भी कार्रवाई की जा रही है।

सीबीआई ने आम लोगों को चेतावनी दी है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुआ खेलना अवैध है। ऐसी गतिविधियों के लिए अपना बैंक खाता, सिम कार्ड या पहचान संबंधी दस्तावेज किसी अन्य व्यक्ति को देना अथवा किराये पर उपलब्ध कराना भी आपराधिक कृत्य है। ऐसा करने पर खाताधारक के खिलाफ अभियोजन की कार्रवाई हो सकती है।