National

पीसीसी चीफ दीपक बैज ने भाजपा सरकार को घेरा, पूछा—क्या रमन सिंह की एनएसजी सुरक्षा भी हटेगी?

रायपुर, 30 अक्टूबर । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने शुक्रवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा।

उन्होंने बस्तर सहित प्रदेश के जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा की समीक्षा पर सवाल उठाते हुए पूछा कि, यदि नक्सली समाप्त हो गए हैं तो पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की एनएसजी सुरक्षा भी हटाई जाएगी क्या?

बैज ने कहा कि, डॉ. रमन सिंह मुख्यमंत्री पद से हटे आठ साल से अधिक समय हो चुका है, इसके बावजूद वे एनएसजी सुरक्षा और ब्लैक कैट कमांडो के घेरे में रहते हैं। यदि नक्सलवाद समाप्त होने के आधार पर जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा हटाई जा रही है तो रमन सिंह को भी पूर्व मुख्यमंत्री के रूप में मिलने वाली जेड श्रेणी की सुरक्षा दी जानी चाहिए।

उन्होंने सवाल किया कि, बस्तर के भाजपा नेताओं को केंद्र से मिली सीआरपीएफ सुरक्षा भी हटाई जाएगी क्या? सुरक्षा के मामले में भेदभाव नहीं होना चाहिए। सुरक्षा हटाने से पहले सरकार खुफिया रिपोर्ट के आधार पर खतरे का आकलन करे।

बैज ने सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को दिवाली से पहले केंद्र के समान महंगाई भत्ता और लंबित एरियर्स देने की मांग की। उन्होंने कहा कि भाजपा ने मोदी की गारंटी के तहत केंद्र के समान डीए देने का वादा किया था, लेकिन कर्मचारियों को अब तक पूरा लाभ नहीं मिला है। केंद्र द्वारा स्वीकृत महंगाई भत्ते की वृद्धि का एरियर्स भी तत्काल दिया जाए।

किसानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि, अर्नब तूफान से फसलों को हुए नुकसान का तत्काल सर्वे कराया जाए और वास्तविक क्षति के आधार पर मुआवजा जारी किया जाए। फसल बीमा कंपनियों को समय पर भुगतान के निर्देश दिए जाएं तथा कृषि विभाग के अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाकर निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी जाए।