FEATUREDNational

हिमाचल में पूर्व भाजपा विधायक के बेटे पर FIR, परियोजना में फर्जी फॉर्म इस्तेमाल करने का आरोप

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में नालागढ़ के पूर्व विधायक और भाजपा नेता केएल ठाकुर के बेटे अंचित ठाकुर के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है. यह मामला NH-105 पर पुल निर्माण परियोजना में खनन सामग्री की सप्लाई के लिए कथित तौर पर फर्जी एम-फॉर्म और ट्रांजिट पास इस्तेमाल करने से जुड़ा है. बद्दी पुलिस के अनुसार, शिकायत की जांच के बाद थाना नालागढ़ में अंचित ठाकुर, मैसर्स गणपति भारत प्राइवेट लिमिटेड और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. वहीं, केएल ठाकुर ने इसे अपने परिवार को बदनाम करने की राजनीतिक साजिश बताया है. उनका कहना है कि वह फर्जी एम-फॉर्म के संबंध में पहले ही पुलिस को शिकायत दे चुके हैं.

पुलिस के अनुसार, हिमाचल प्रदेश पुलिस मुख्यालय शिमला में मिली शिकायत पर एक राजपत्रित पुलिस अधिकारी ने जांच की थी. इस दौरान खनन विभाग की सत्यापन रिपोर्ट, GST रिकॉर्ड, बैंकिंग लेन-देन, रनिंग अकाउंट बिल और अन्य दस्तावेजों की जांच की गई. जांच में बड़ी संख्या में एम-फॉर्म और ट्रांजिट पास कथित तौर पर फर्जी पाए गए. ठाकुर रुहानी स्टोन क्रशर से खनन सामग्री की आपूर्ति और संबंधित दस्तावेजों के बीच संभावित संबंध भी सामने आया है. परियोजना स्थल पर दस्तावेजों के सत्यापन में हुई संभावित अनियमितताओं की भी जांच की जा रही है.

BNS की इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

पुलिस ने अंचित ठाकुर पुत्र केएल ठाकुर, मैसर्स गणपति भारत प्राइवेट लिमिटेड और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(2), 336(3), 338, 340(2) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है. एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया जांच में कथित फर्जी दस्तावेजों की उत्पत्ति, उनके इस्तेमाल और मामले में शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाया जाएगा. उन्होंने कहा कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

केएल ठाकुर बोले- परिवार को बदनाम करने की साजिश

उधर, पूर्व विधायक केएल ठाकुर ने आरोप लगाया कि उनके और उनके परिवार की राजनीतिक छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि अवैध खनन और ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ वह पहले ही पुलिस को शिकायत दे चुके हैं, लेकिन उनके अनुसार अब तक कार्रवाई नहीं हुई है. उन्होंने दावा किया कि फर्जी एम-फॉर्म के संबंध में भी बद्दी पुलिस को पहले शिकायत दी गई थी. केएल ठाकुर ने कहा कि वह डरने वाले नहीं हैं और उनका परिवार नियमों के अनुसार कारोबार करता है.

विधायक हरदीप सिंह बावा ने भी लगाए आरोप

नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा ने मीडिया से बातचीत में NH-105 पर नालागढ़ से बघेड़ा तक बन रहे छह पुलों की परियोजना में कथित फर्जीवाड़े का आरोप लगाया. उनके अनुसार, खनन सामग्री की आपूर्ति के लिए 2,500 से अधिक कथित फर्जी एम-फॉर्म इस्तेमाल किए गए, जिससे सरकार को करोड़ों रुपये की रॉयल्टी का नुकसान हुआ. बावा ने यह भी आरोप लगाया कि खनन विभाग की असली वेबसाइट जैसी दिखने वाली नकली वेबसाइट के जरिए फर्जी ट्रांजिट पास तैयार किए गए. उन्होंने मामले में क्रशर मालिकों, निर्माण कंपनी और तत्कालीन विभागीय अधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग की.