पुणे में चलती इलेक्ट्रिक बस में लगी आग, चालक की सूझबूझ से 17 यात्री सुरक्षित बचे
मुंबई, 26 अक्टूबर। महाराष्ट्र के पुणे में स्वारगेट इलाके में सोमवार सुबह एक चलती इलेक्ट्रिक बस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। अपोलो अस्पताल के सामने हुई इस घटना के दौरान बस में 17 यात्री सवार थे। हालांकि, चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते बस को सड़क किनारे रोक दिया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुणे पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, राज्य परिवहन निगम (एसटी) की इलेक्ट्रिक बस स्वारगेट की ओर जा रही थी। इसी दौरान बस से अचानक धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया और यात्रियों को बाहर निकलने के लिए कहा। चालक की तत्परता से सभी 17 यात्री सुरक्षित बस से उतर गए।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय नागरिकों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया और कुछ देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। वहीं, पुलिस ने घटनास्थल पर जमा भीड़ को नियंत्रित करते हुए यातायात व्यवस्था सुचारु बनाने के प्रयास किए।
प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, बस में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। चालक की सतर्कता और समय पर की गई कार्रवाई के कारण सभी यात्री सुरक्षित बच गए।

