Mumbai

दिवाली के बाद महाराष्ट्र के सूखा प्रभावित किसानों से मिलेंगे राज ठाकरे

मुंबई, 23 अक्टूबर । महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने शुक्रवार को कहा कि दिवाली के बाद वे राज्य के सूखा प्रभावित इलाकों का दौरा कर किसानों से मुलाकात करेंगे। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों को किसानों के साथ खड़े रहने और पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था में मदद करने को कहा है।

मनसे की ओर से आज बांद्रा में राज ठाकरे की अध्यक्षता में पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक के बाद राज ठाकरे ने पत्रकारों को बताया कि महाराष्ट्र के कई इलाकों में किसान सूखे की मार झेल रहे हैं। पानी की किल्लत के कारण आम लोगों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। जालना जिले के कुछ इलाकों में 15 दिनों में केवल एक बार पानी की आपूर्ति होने की बात सामने आई है। विपक्ष सरकार की ओर से दी जा रही सहायता को अपर्याप्त बताते हुए सवाल उठा रहा है। मनसे की बैठक में राज्य में सूखे की स्थिति और किसानों की समस्याओं पर चर्चा हुई।

मनसे प्रमुख ने कहा कि राज्य के ३25 तहसीलों में सूखा घोषित किया गया है। उन्होंने सूखा प्रभावित क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के लिए रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद पार्टी आगे की रणनीति तय करेगी राज ठाकरे ने कहा कि सरकार की ओर से क्या कदम उठाए जा रहे हैं, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है। लेकिन मनसे अपनी ओर से किसानों की मदद के लिए हरसंभव प्रयास करेगी। उन्होंने किसानों को दी जाने वाली 5,000 रुपये की सहायता राशि पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इतनी कम रकम से किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हो सकता।

उन्होंने पानी की कमी से निपटने के लिए पर्याप्त टैंकों और जल भंडारण की व्यवस्था करने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने सवाल किया कि क्या सरकार जल संकट से निपटने के लिए प्रभावी योजना बना रही है और पानी के टैंकरों के कारोबार के पीछे किन लोगों के हित जुड़े हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले समय में संकट केवल पानी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अनाज की कमी और पशुओं के चारे की समस्या भी गंभीर हो सकती है।