बबौली-बिलमा मार्ग का डामरीकरण कार्य पूर्ण, 11 गांवों के ग्रामीणों को मिलेगी बेहतर आवागमन सुविधा
अम्बिकापुर । सरगुजा जिले में ग्रामीण सड़क अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने और दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में लोक निर्माण विभाग द्वारा महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में लुण्ड्रा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बबौली से बिलमा मार्ग का डामरीकरण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। कुल 2.20 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के निर्माण एवं उन्नयन से आसपास के 11 गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही विकासखंड एवं जिला मुख्यालय तक पहुंच सुगम होने से क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
239.82 लाख रुपये की स्वीकृति से सड़क निर्माण, 5 नवीन पुल-पुलियां भी बनीं
लोक निर्माण विभाग, संभाग अम्बिकापुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार बबौली-बिलमा मार्ग के निर्माण एवं उन्नयन कार्य के लिए छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 14 अक्टूबर 2024 को 239.82 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई थी। निर्माण कार्य के लिए मेसर्स जवाहर लाल गुप्ता के साथ 239.95 लाख रुपये का अनुबंध किया गया। इसके अंतर्गत 2.20 किलोमीटर लंबाई में 3.75 मीटर चैड़ी सड़क का डामरीकरण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इसके साथ ही मार्ग पर 5 नवीन पुल-पुलियों का निर्माण भी किया गया है, जिससे मार्ग पर आवागमन की सुविधा बेहतर होगी।
11 गांवों के ग्रामीणों को मिलेगा सीधा लाभ
बबौली-बिलमा मार्ग के डामरीकरण से ग्राम जोरी, अम्बी, कर्री, पड़ौली, चेंगोरी, कुदर, चन्देश्वरपुर, बबौली, बिलमा, रघुपुर एवं देवसरा सहित आसपास के ग्रामीणों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। सड़क निर्माण से ग्रामीणों को दैनिक कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए विकासखंड एवं जिला मुख्यालय तक पहुंचने में आसानी होगी। बेहतर सड़क संपर्क से ग्रामीण क्षेत्रों के बीच आवागमन अधिक सुविधाजनक होगा।
किसानों को कृषि उपज के परिवहन में मिलेगी सुविधा
बबौली-बिलमा मार्ग से जुड़े गांव कृषि उत्पादन की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। क्षेत्र में सड़क सुविधा बेहतर होने से किसानों को अपनी कृषि उपज स्थानीय बाजारों एवं मंडियों तक पहुंचाने में सहूलियत मिलेगी। कृषि सामग्री एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं का परिवहन भी सुगम होगा। इससे किसानों के समय एवं परिवहन संबंधी परेशानियों में कमी आने के साथ ग्रामीण व्यापार एवं आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा।
लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क निर्माण एवं उन्नयन कार्यों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। बबौली-बिलमा मार्ग का डामरीकरण पूर्ण होने से क्षेत्र की सड़क अधोसंरचना को मजबूती मिली है। वहीं ग्रामीणों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में भी सहायक सिद्ध होगा।

