FEATUREDNational

दशहरा उत्‍सव के मद्देनज़र राष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सख्त

दशहरा उत्‍सव के मद्देनज़र राष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। लोगों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 13,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। धार्मिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और आयोजन स्थलों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

गुरुग्राम में रावण दहन के 66 स्थलों, 17 धार्मिक शोभायात्राओं और अन्य कार्यक्रमों के लिए लगभग 2200 पुलिसकर्मी और फरीदाबाद में 1200 पुलिसकर्मी तैनात किए गए है।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, संवेदनशील स्थानों पर चौबीसों घंटे पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। वरिष्ठ अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के बाद पर्याप्त पुलिस बल की उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे। मंदिरों, पूजा पंडालों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और दशहरा कार्यक्रमों के स्थलों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

गुरुग्राम में पुलिस ने रावण दहन के 12 प्रमुख और 54 छोटे आयोजन स्थलों की पहचान की है। फरीदाबाद में दशहरे के शांतिपूर्ण आयोजन और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए कार्यक्रम स्थलों, बाजारों, प्रमुख सड़कों और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।