Mumbai

उद्धव ठाकरे को कानून-व्यवस्था पर बोलने का अधिकारी नहीं- नवनाथ बन

मुंबई, 19 अक्टूबर । भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नवनाथ बन ने शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राऊत पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि जब राज्य में महाविकास आघाड़ी की सरकार थी और उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री थे, तब महाराष्ट्र में जंगलराज था। उद्धव के मुख्यमंत्री रहते पुलिस को हर महीने 100 करोड़ रुपये की वसूली का लक्ष्य दिया गया था। जिनका शासन गुंडागर्दी और माफियागिरी के भरोसे चलता था, ऐसे लोगों को आलोचना करने का क्या अधिकार है?

पार्टी प्रदेश मुख्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बन ने कहा कि फिल्म अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी की जांच के संबंध में मुख्यमंत्री देवेंद्रजी फडणवीस ने विस्तृत समीक्षा की है। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। लेकिन महाराष्ट्र में राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग करनेवाले संजय राऊत को उद्धव सरकार के कार्यकाल पर गौर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पालघर में 16 अप्रैल 2020 को दो साधुओं और उनके वाहन चालक की मॉब लिंचिंग कर हत्या कर दी गई थी। उस समय उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री थे। इसे जंगलराज कहते हैं। इसके लिए राष्ट्रपति शासन लागू किया जाना चाहिए था। 14 जून 2020 को अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले पर किस तरह पर्दा डालने की कोशिश हुई, यह हम सभी ने देखा है। 8 जून 2020 को दिशा सालियान की मौत का मामला सामने आने के बाद आज भी उनके पिता न्याय की मांग कर रहे हैं। संजय राऊत, जंगलराज क्या होता है, यह दिशा सालियान के मामले से याद कीजिए। मुकेश अंबानी के आवास के पास विस्फोटकों से भरी स्कॉर्पियो खड़ी करने का काम गुंडों के जरिए नहीं, बल्कि सचिन वाझे नाम के पुलिसकर्मी के जरिए आपने करवाया था। इसे माफियाराज और जंगलराज कहते हैं,

बन ने कहा कि टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी के बाद मुंबई पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने उद्धव ठाकरे के मुख्यमंत्री रहते मुंबई में दर्ज अपराधों के आंकड़े गिनाते हुए कहा कि वर्ष 2020 में मुंबई में दर्ज अपराधों की संख्या 51,058 थी, जबकि 2019 में यह संख्या 64,656 थी। हत्या, जबरन वसूली, बलात्कार और छेड़छाड़ के सैकड़ों मामले सामने आए थे। उद्धव ठाकरे के मुख्यमंत्री रहते उनके गृहमंत्री अनिल देशमुख को जेल जाना पड़ा। मुख्यमंत्री या महायुति सरकार पर एक उंगली उठाते समय बाकी चार उंगलियां अपनी ओर हैं, यह राऊत को याद रखना चाहिए। अंडरवर्ल्ड को खत्म करने का काम दिवंगत गोपीनाथ मुंडे ने किया था और देवाभाऊ, गोपीनाथ मुंडे के शिष्य हैं। अब गिरोहों पर लगाम लगाने और उन्हें गिरफ्तार करने का काम देवाभाऊ ही करेंगे। मुंबई पुलिस अपने पराक्रम से किसी को भी नहीं छोड़ेगी।