बांग्लादेश दौरे के लिए वेस्टइंडीज की टेस्ट टीम में शमर स्प्रिंगर शामिल, कीमो पॉल बाहर
नई दिल्ली, 18 अक्टूबर ।
वेस्टइंडीज ने बांग्लादेश के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए अपनी टीम में बदलाव किया है। तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर कीमो पॉल निजी और पारिवारिक कारणों से स्वदेश लौटेंगे। उनकी जगह शमर स्प्रिंगर को टीम में शामिल किया गया है। क्रिकेट वेस्टइंडीज ने शनिवार को इसकी पुष्टि की।
28 वर्षीय स्प्रिंगर वेस्टइंडीज के लिए तीन एकदिवसीय और 12 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुके हैं, लेकिन उन्हें अभी टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करना है। उन्होंने 23 प्रथम श्रेणी मैचों में 32.59 की औसत से 1,043 रन बनाए हैं और 27.87 की औसत से 58 विकेट लिए हैं।
स्प्रिंगर ने 2026 वेस्टइंडीज चैंपियनशिप में बारबाडोस की ओर से बल्ले से अच्छा प्रदर्शन किया था। उन्होंने चार मैचों में 50.20 की औसत से 251 रन बनाए। हालांकि, गेंदबाजी में उनका प्रदर्शन अपेक्षाकृत साधारण रहा और उन्होंने आठ पारियों में 42 की औसत से सात विकेट लिए।
क्रिकेट वेस्टइंडीज ने बताया कि कीमो पॉल के संभावित विकल्प के रूप में ओजे शील्ड्स और नियाल स्मिथ के नामों पर भी विचार किया गया था, लेकिन चोट के कारण वे चयन की दौड़ से बाहर हो गए।
वेस्टइंडीज की टीम इस दौरे पर नियमित सफेद गेंद के कप्तान शाई होप के बिना भी उतरेगी। उन्हें आराम दिया गया है। तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ को कार्यभार प्रबंधन के तहत टीम से बाहर रखा गया है। शुरुआत में जोसेफ की जगह ही कीमो पॉल को टीम में शामिल किया गया था।
स्प्रिंगर और पॉल दोनों भारत के खिलाफ वेस्टइंडीज की सीमित ओवरों की सीरीज का हिस्सा थे। भारत दौरे का समापन शनिवार को बेंगलुरु में पांचवां टी20 मुकाबला बारिश के कारण रद्द होने के साथ हुआ। वेस्टइंडीज ने तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज 1-2 से गंवाई, जबकि पांच मैचों की टी20 सीरीज 2-2 से बराबर रही।
ऐसा रहेगा बांग्लादेश दौरे का कार्यक्रम
वेस्टइंडीज की टीम 22 से 24 अक्टूबर तक ढाका में तीन दिवसीय अभ्यास मैच खेलेगी। इसके बाद पहला टेस्ट 28 अक्टूबर से 1 नवंबर तक मीरपुर में होगा, जबकि दूसरा टेस्ट 5 से 9 नवंबर तक सिलहट में खेला जाएगा।
बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए वेस्टइंडीज की संशोधित टीम:
रोस्टन चेज (कप्तान), जोमेल वारिकन (उपकप्तान), जोशुआ बिशप, जॉन कैंपबेल, तेगनारायण चंद्रपॉल, जोशुआ डा सिल्वा (विकेटकीपर), जस्टिन ग्रीव्स, केवम हॉज, अमीर जांगू (विकेटकीपर), शमर जोसेफ, ब्रैंडन किंग, केमार रोच, जेडन सील्स, शमर स्प्रिंगर और केविन विकहम।

