FEATUREDSports

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए न्यूजीलैंड टीम में ईडन कार्सन, मौली पेनफोल्ड की वापसी

वेलिंगटन, 02 अक्टूबर ।

न्यूजीलैंड ने इस महीने के अंत में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए अपनी टीम की घोषणा कर दी है। ईडन कार्सन, मौली पेनफोल्ड, हन्ना रो और बेला जेम्स की टीम में वापसी हुई है।

चारों खिलाड़ी उस विस्तृत समूह का हिस्सा थीं, जिन्हें हाल में हुए टी20 विश्व कप के लिए टीम में जगह नहीं मिली थी। ऑफ स्पिनर ईडन कार्सन कोहनी की सर्जरी से उबरने के बाद वापसी कर रही हैं। वह पिछले साल दिसंबर से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से बाहर थीं। 51 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुकी कार्सन न्यूजीलैंड के स्पिन विभाग को मजबूती देंगी, जिसमें कप्तान अमेलिया केर, नैंसी पटेल और फ्लोरा डेवोनशायर भी शामिल हैं।

कार्सन ने कहा, “व्हाइट फर्न्स के माहौल में वापस आना मेरे लिए बेहद खास है। पुनर्वास की प्रक्रिया में काफी धैर्य रखना पड़ा, लेकिन मुझे अपने आसपास बेहतरीन समर्थन मिला और अब मैं मैदान पर लौटकर योगदान देने के लिए तैयार महसूस कर रही हूं।”

सोफी डिवाइन और ली ताहुहू के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बाद मौली पेनफोल्ड और हन्ना रो की वापसी से न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती मिलेगी। वहीं, सूजी बेट्स के जाने के बाद बेला जेम्स टीम में बल्लेबाजी के विकल्प बढ़ाएंगी।

हन्ना रो और बेला जेम्स ने सर्दियों के दौरान श्रीलंका में न्यूजीलैंड ए टीम के साथ कुछ समय बिताया था। वहीं, मौली पेनफोल्ड ने हाल में ऑस्ट्रेलिया की केएफसी टी20 मैक्स प्रतियोगिता में सैंडगेट रेडक्लिफ गैटर्स के लिए खेला था।

विकेटकीपर-बल्लेबाज इज़ी गेज लगातार बनी हुई अंगूठे की चोट की सर्जरी के बाद टीम से बाहर हैं। वह 2027 की शुरुआत में क्रिकेट में वापसी का लक्ष्य लेकर चल रही हैं। उनकी अनुपस्थिति में पॉली इंग्लिस विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभालेंगी।

करीब चार वर्षों तक न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी कोच रहीं डीन ब्राउनली को बेन सॉयर के जाने के बाद अंतरिम मुख्य कोच बनाया गया है। दौरे के लिए अतिरिक्त कोचिंग सहयोग की घोषणा अगले सप्ताह किए जाने की उम्मीद है।

ब्राउनली ने टीम में चारों खिलाड़ियों की वापसी का स्वागत करते हुए कहा कि टीम में अनुभव और भविष्य को ध्यान में रखने का संतुलन है।

ब्राउनली ने न्यूज़ीलैंड क्रिकेट के हवाले से कहा, “हम ईडन, हन्ना, मौली और बेला का फिर से स्वागत करते हुए उत्साहित हैं। इस टीम में अनुभव और भविष्य को ध्यान में रखने का अच्छा संतुलन है और यह समूह के लिए एक मजबूत टीम के खिलाफ खुद को परखने का अवसर होगा। दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों के खिलाफ खेलना हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन इससे सीखने और अपनी क्षमताओं को मजबूत करने के कई अवसर भी मिलते हैं।”

यह सीरीज न्यूजीलैंड के 2026-27 सत्र का पहला अंतरराष्ट्रीय अभियान होगी। साथ ही यह भारत में होने वाली पहली आईसीसी महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027 की तैयारियों का भी हिस्सा होगी।

न्यूजीलैंड टीम: अमेलिया केर (कप्तान), ईडन कार्सन, फ्लोरा डेवोनशायर, मैडी ग्रीन, ब्रुक हॉलिडे, ब्री इलिंग, पॉली इंग्लिस, बेला जेम्स, जेस केर, रोजमेरी मैयर, नैंसी पटेल, मौली पेनफोल्ड, जॉर्जिया प्लिमर, हन्ना रो, इज़ी शार्प।