Mumbai

राजोड़ी बीच पर 350 से अधिक विद्यार्थियों ने की साफ-सफाई, प्रथम महापौर ने की सराहना

मुंबई, 01 अक्टूबर, । नालासोपारा पश्चिम के राजोड़ी बीच पर बुधवार को यश विद्या निकेतन स्कूल के 350 से अधिक विद्यार्थियों ने शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवकों के साथ मिलकर समुद्र तट पर सफाई अभियान चलाया। विद्यार्थियों ने किनारे पर फैले प्लास्टिक और अन्य कचरे को एकत्र किया। इस मौके पर मनपा के प्रथम महापौर राजीव पाटील ने कहा कि सामाजिक उपक्रमों के माध्यम से बच्चों और नागरिकों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है।

उन्होंने अभियान में शामिल विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों की सराहना की। अभियान के जरिए नागरिकों से अपील की गई कि समुद्र तट का इस्तेमाल करने के बाद कचरा वहीं छोड़ने के बजाय निर्धारित स्थान पर ही डालें। इसी क्रम में विरार (पश्चिम) में रोजगार मेले का भी आयोजन किया गया। यहां युवाओं को विभिन्न रोजगार अवसरों और संभावनाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया। पूर्व नगरसेवक हार्दिक राऊत के मार्गदर्शन में इस पहल के माध्यम से स्वच्छ समुद्र तट और बेहतर भविष्य का संदेश दिया गया।