मुंबई के मशहूर लालबाग के राजा का 22 घंटे की शोभायात्रा के बाद गिरगांव चौपाटी पर विसर्जन
मुंबई, 26 सितंबर। मुंबई के मशहूर लालबाग के राजा मंडल की गणेश प्रतिमा का शनिवार को सुबह “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आना!” जयकारे के साथ , ढोल-नगाड़ों की गूंज, गुलाल की बौछार और नम आंखों के बीच मुंबई 22 घंटे बाद गिरगांव चौपाटी पर अरब सागर में विसर्जन किया गया। चौपाटी पर कोली बंधुओं सहित गणेश भक्तों का जनसागर मौजूद था।
मुंबई के मशहूर लालबाग के राजा की राजा गणेशोत्सव मंडल में प्रतिस्थापित भगवान गणेश की प्रतिमा शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे मंडप से विर्सजन के लिए निकली शोभायात्रा का करीब 22 घंटे बाद शनिवार सुबह गिरगांव चौपाटी पर पहुंची। इसके बाद जयकारों
और पुष्प वर्षा के बीच विर्सजन की प्रक्रिया शुरू हुई। मंडप से बाहर निकलते ही बड़ी संख्या में मौजूद भक्तों ने लालबाग के राजा पर फूलों की बारिश कर उनका स्वागत किया। बप्पा की एक झलक पाने के लिए पूरे विसर्जन मार्ग पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
शोभायात्रा लालबाग, भारत माता, करी रोड, भायखला, नागपाड़ा, डोंगरी-दो टाकी और ओपेरा हाउस होते हुए गिरगांव चौपाटी की ओर बढ़ी। शनिवार सुबह राजा के गिरगांव चौपाटी पहुंचने के बाद वहां भी भक्तों की भारी भीड़ जमा हो गई। विसर्जन से पहले चौपाटी पर पारंपरिक महाआरती किया गया। इसके बाद परंपरा के अनुसार प्रतिमा पर चढ़ाए गए सोने-चांदी के कीमती आभूषणों को सुरक्षित रूप से उतारा गया।
पूजा-अर्चना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद लालबाग के राजा की भव्य प्रतिमा को विसर्जन के लिए तैयार अत्याधुनिक बेड़े पर रखा गया। बड़ी संख्या में स्थानीय मछुआरों ने भी परंपरा के अनुसार विसर्जन प्रक्रिया में हिस्सा लिया। बेड़े की मदद से प्रतिमा को समुद्र में ले जाया गया, जहां विधिवत विसर्जन किया गया। भगवान गणेश की विदाई के समय चौपाटी पर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ मौजूद रही। जयघोष के बीच कई भक्त भावुक नजर आए और नम आंखों से अपने प्रिय गणपति बप्पा को विदाई दी।

