Mumbai

वाशिम जिले के हालात का जायजा लेने पहुंचे मुख्यमंत्री, किसानों को जल्द मदद का आश्वासन

मुंबई, 24 सितंबर । महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को वाशिम जिले के विभिन्न गांवों का दौरा किया और वहां सूखे जैसे हालात के बीच फसल और पानी की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने करंजा तालुका के म्हसला, मंगरुलपीर तालुका के मोहागव्हान और मालेगांव तहसील के जौलका में किसानों के खेतों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और जल्द मदद करने का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री फडणवीस आज दूसरे दिन सूखाग्रस्त किसानों का हालचाल जानने के लिए वासिम जिले का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने वासिम जिले के म्हसला में किसान देवीदास किशन काले के खेत का दौरा किया। यहां उन्होंने खराब हुई सोयाबीन और अरहर की फसलों का निरीक्षण किया और किसानों से नुकसान की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने मोहागव्हान में किसान अनिल भागरे और अब्दुल नईम शेख रहीम के खेतों का जायजा लिया। फसल की स्थिति देखने के बाद फडणवीस ने कहा कि कम बारिश के कारण सोयाबीन, अरहर सहित अन्य फसलों को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि यह किसानों के लिए कठिन समय है, लेकिन सरकार उनके साथ है और उन्हें हरसंभव मदद दी जाएगी। उन्होंने प्रभावित किसानों को मुआवजा देने के सरकार के फैसले को दोहराते हुए कहा कि इस संबंध में जल्द अधिसूचना जारी की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने मालेगांव तहसील के जौलका गांव में किसान संतोष सखाराम डंबले के खेत का भी दौरा किया। उन्होंने यहां सूखे जैसे हालात का जायजा लेने के साथ किसानों से बातचीत की। इस दौरान संतोष डंबले की मां शकुंतलाबाई ने भी मुख्यमंत्री को क्षेत्र में सूखे की स्थिति और किसानों की परेशानियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार नुकसान का आकलन कर प्रभावित किसानों तक जल्द से जल्द सहायता पहुंचाने की दिशा में कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पेयजल की कमी न हो, इसके लिए आवश्यक योजना बनाई जाएगी। साथ ही पशुओं के लिए चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों को सीधे सरकारी सहायता उपलब्ध कराने के लिए जल्द कार्रवाई शुरू की जाएगी। उन्होंने प्रभावित किसानों से चिंता न करने और सरकार पर भरोसा रखने की अपील की।

इस दौरे के दौरान सांसद संजय देशमुख, सांसद अनूप धोत्रे, विधायक बाबूसिंह महाराज, विधायक सैताई डहाके, विधायक श्याम खोड़े, विधायक रणधीर सावरकर, विधायक भावना गवली, जिला कलेक्टर योगेश कुंभेजकर सहित प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।