FEATUREDSports

पीटी उषा ने रोशिबिना और सतनाम-सलमान को एशियाई खेल पदक पर दी बधाई

आइची-नगोया, 24 सितंबर। भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा ने एशियाई खेल 2026 में पदक जीतने वाली वुशु खिलाड़ी रोशिबिना देवी और रोइंग जोड़ी सतनाम सिंह व सलमान खान को बधाई दी है।

रोशिबिना देवी ने महिलाओं की 60 किग्रा सांडा स्पर्धा में रजत पदक जीता।

फाइनल में उन्हें चीन की झांग शियाओयू के खिलाफ 0-2 से हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही रोशिबिना एशियाई खेलों में वुशु में लगातार तीन पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गईं। उन्होंने 2018 में कांस्य और 2022 में रजत पदक जीता था।

पीटी उषा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर रोशिबिना को बधाई देते हुए कहा, “60 किग्रा वर्ग में वुशु में एक और रजत पदक जीतने पर रोशिबिना देवी को बहुत-बहुत बधाई! आपका ऐतिहासिक तीसरा पदक इस खेल के प्रति आपके समर्पण को साबित करता है। ऊंचे लक्ष्य तय करती रहें और देश को गौरवान्वित करती रहें!”

वहीं, सतनाम सिंह और सलमान खान ने पुरुष डबल स्कल्स में कांस्य पदक जीता। भारतीय जोड़ी ने 6 मिनट 13.25 सेकंड का समय निकालकर तीसरा स्थान हासिल किया। यह पुरुष डबल स्कल्स में एशियाई खेलों में भारत का पहला कांस्य पदक है।

सतनाम सिंह और सलमान खान को बधाई देते हुए पीटी उषा ने कहा, “सतनाम सिंह और सलमान खान को पुरुष डबल्स स्कल्स स्पर्धा में भारत का पहला कांस्य पदक जीतने पर बधाई! आपकी कड़ी मेहनत ने इसे संभव बनाया। इसी तरह सफलता की ओर आगे बढ़ते रहें और देश के लिए और उपलब्धियां हासिल करें!”

बता दें कि भारत ने अब तक एशियाई खेल 2026 में अब तक 14 पदक जीत लिया है, जिसमें 1 स्वर्ण, 6 रजत और 7 कांस्य पदक शामिल है।