Wednesday, September 16, 2026
Latest:
Mumbai

वसई में स्मार्ट मीटर के खिलाफ 7 सितंबर को कई प्रमुख दलों का ‘हाईवे रोको आंदोलन’

मुंबई, 3 सितंबर, । पालघर जिले के वसई तालुका में स्मार्ट मीटर की अनिवार्य सख्ती के खिलाफ 7 सितंबर को ‘हाईवे रोको आंदोलन’ किया जाएगा। यह आंदोलन मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर शिरसाड फाटा (के.टी रिसॉर्ट के सामने) सुबह 10 बजे से शुरू होगा। इससे पहले इस विरोध के लिए ‘धड़क मोर्चा’ निकालने का फैसला किया गया था, लेकिन वसई विरार महानगरपालिका के महापौर आजीव पाटिल के पत्र के बाद अब इसके स्वरूप में बदलाव कर इसे सभी राजनीतिक दलों के समर्थन से ‘हाईवे रोको आंदोलन’ का रूप दे दिया गया है।

इस सर्वदलीय आंदोलन को क्षेत्र के कई प्रमुख राजनैतिक दलों के शीर्ष पदाधिकारियों का समर्थन मिला है। इसमें बहुजन विकास आघाडी के महापौर आजीव पाटिल के साथ शिवसेना (उद्धव) के जिला प्रमुख प्रथमेश राऊत, इंडियन नेशनल कांग्रेस महाराष्ट्र के महासचिव डॉ. दिनेश कांबले, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के जयेंद्र पाटिल और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के शेरु वाघ मुख्य रूप से शामिल हैं। इन सभी नेताओं के हस्ताक्षर वाला एक आधिकारिक पत्र महावितरण के अधीक्षक अभियंता (नवघर पूर्व, वसई) को भेजा गया है, जिसमें उनसे मांग की गई है कि वे आंदोलनकारियों का निवेदन स्वीकार करने के लिए खुद आंदोलन स्थल पर उपस्थित रहें। इसके साथ ही इस आंदोलन की प्रतियां मीरा भायंदर-वसई विरार पुलिस आयुक्तालय, मांडवी पुलिस स्टेशन, हाईवे अथॉरिटी और पालघर जिला अधिकारी को भी सुरक्षा और उचित व्यवस्था बनाए रखने के लिए भेज दी गई हैं।