नागरिक उड्डयन मंत्री ने व्यापार में सुगमता के लिए एनओसी प्रक्रिया को परेशानी मुक्त बनाने पर जोर दिया।
नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने आज नई दिल्ली में नागरिक उड्डयन मंत्रालय और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में नागरिक उड्डयन क्षेत्र में व्यापार सुगमता को बढ़ावा देने के उपायों की समीक्षा की गई, जिसमें अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी करने की प्रक्रिया को सरल और सुव्यवस्थित बनाने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक के दौरान, श्री नायडू ने एनओसी प्रक्रिया को परेशानी मुक्त, पारदर्शी, स्वचालित और समयबद्ध बनाने की आवश्यकता पर बल दिया, जिसमें न्यूनतम मैन्युअल हस्तक्षेप हो। श्री नायडू ने संबंधित अधिकारियों को एनओसी प्रक्रिया को सरल, स्वचालित और विकेंद्रीकृत करने के तौर-तरीकों की जांच करने और उन्हें तैयार करने तथा 15 दिनों के भीतर लागू करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित सुधारों का उद्देश्य आम जनता, सोसाइटियों, बिल्डरों और उद्योग जगत के सदस्यों को सुविधा प्रदान करना है, साथ ही यह सुनिश्चित करना है कि विमानन सुरक्षा से संबंधित नियामक आवश्यकताओं का विधिवत पालन होता रहे।
मंत्री ने प्रारंभिक चरण में ही आवेदकों को अनुमत और निर्धारित भवन ऊंचाई प्रदान करने की व्यवहार्यता पर भी चर्चा की, विशेष रूप से दिल्ली, मुंबई और हैदराबाद जैसे प्रमुख महानगरों में।

