बलोचिस्तान में नेशनल हाइवे, पुलिस स्टेशन धमाकों में तबाह, दो महिलाओं की हत्या
इस्लामाबाद, 15 अगस्त । पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस के दिन गुरुवार को बलोचिस्तान के कई जिलों में अशांति रही। क्वेटा में 14 अगस्त के जश्न पर खलल पड़ा। बोलन जिले में नेशनल हाइवे पर एक पुल पर धमाका किया गया। हरनाई में विस्फोटकों से एक थाने को तबाह कर दिया गया। इसके अलावा दो महिलाओं की घर में घुस कर हत्या कर दी गई।
द बलोचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, क्वेटा की एग्रीकल्चर कॉलोनी में 14 अगस्त को मनाए जा रहे जश्न के दौरान अज्ञात लोगों ने रॉकेट और ग्रेनेड दागे। इस दौरान इलाके में करीब आठ धमाके सुने गए। हमले के समय बड़ी संख्या में काउंटर टेररिज्म डिपार्टमेंट (सीटीडी) और फ्रंटियर कॉर्प्स (एफसी) के अधिकारी मौजूद थे। इसके अलावा बोलन जिले में नेशनल हाइवे-65 पर पुल के पास जोरदार विस्फोट के बाद ट्रैफिक कुछ समय के लिए रोक दिया गया। इन घटनाओं की अभी तक किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली है।
रिपोर्ट के अनुसार, नुश्की जिले के किल मेंगल इलाके में बंदूकधारियों ने मां और बेटी की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध कल रात घर में घुसे और दोनों महिलाओं की गोली मार दी। इनकी पहचान अली अहमद मोहम्मद होस्नी की पत्नी बीबी हनीफा और अली अहमद की बेटी हफ्सा के रूप में हुई है। हत्यारों की तलाश की जा रही है।

