केन्द्रीय मंत्री संजय सेठ ने लगाया झारखंड सरकार पर युवाओं के साथ अन्याय करने का आरोप
नई दिल्ली, 13 अगस्त । रक्षा राज्यमंत्री और झारखंड से भाजपा सांसद संजय सेठ ने झारखंड सरकार पर युवाओं के साथ अन्याय करने और सरकारी भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने झारखंड में हुए प्रदर्शन के दौरान युवाओं पर दर्ज एफआईआर और परीक्षा के परिणाम में हुई अनियमितता पर सरकार को सीधे तौर पर दोषी माना।
संजय सेठ ने आरोप लगाया कि झारखंड में प्रदर्शन के बाद करीब 600 युवाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। उनका कहना है कि ये युवा शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने पहुंचे थे और न तो उन्होंने हिंसा की और न ही पथराव किया। ऐसे में उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज करना न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदर्शन से पहले पूरे शहर में बैरिकेडिंग और रेजर वायर लगाए गए थे। अब मुख्यमंत्री आवास के आसपास भी रास्तों को रेजर वायर से बंद कर दिया गया है, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
संजय सेठ ने सीडीपीओ परीक्षा के परिणाम को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि दूसरे स्थान पर आने वाले प्रमोद कुमार पाठक का कथित तौर पर उत्तर प्रदेश के एक ‘सॉल्वर गैंग’ से संबंध रहा है और वह पहले जेल भी जा चुका है। सेठ ने दावा किया कि इसके बावजूद वह झारखंड सरकार में अधिकारी के पद पर है। भाजपा नेता ने इन आरोपों की निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि झारखंड के युवाओं को भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता चाहिए और इस मामले में सीबीआई जांच से कम कुछ भी उन्हें स्वीकार नहीं होगा।

