घरेलू बाजार बढ़त के साथ बंद हुए।
आज घरेलू शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांकों में एक प्रतिशत से अधिक की बढ़त दर्ज की गई। सेंसेक्स 965 अंक बढ़कर 78,151 पर बंद हुआ। निफ्टी 262 अंक बढ़कर 24,334 पर स्थिर हुआ।
हालांकि, राष्ट्रीय शेयर बाजार में मिडकैप 100 सूचकांक में 0.4 प्रतिशत और स्मॉलकैप 100 सूचकांक में 0.2 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
इससे पहले, बाजार मामूली रूप से सकारात्मक रुख के साथ खुले और सूचकांक के प्रमुख शेयरों में बढ़त के समर्थन से पूरे सत्र में अपनी तेजी को बनाए रखा।
सेंसेक्स पैक में, 30 में से 24 कंपनियों के शेयरों में बढ़त दर्ज की गई। शीर्ष प्रदर्शन करने वाली कंपनियों में, टेक महिंद्रा के शेयर 3.9 प्रतिशत, कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर 3.4 प्रतिशत और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के शेयर 3 प्रतिशत चढ़े। वहीं, सनफार्मा के शेयर 0.9 प्रतिशत, ट्रेंट के शेयर 0.7 प्रतिशत और भारती एयरटेल के शेयर 0.6 प्रतिशत गिरे।
बीएसई के क्षेत्रीय सूचकांकों में, 25 में से 14 क्षेत्रों में सकारात्मक रुझान देखने को मिला। शीर्ष लाभ पाने वाले क्षेत्रों में, निजी बैंक और शीर्ष 10 बैंक सूचकांक में 1.8 प्रतिशत की वृद्धि हुई, मिड स्मॉल प्राइवेट क्वालिटी टिल्ट सूचकांक और बैंकएक्स में 1.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई, और रियल्टी में 1.4 प्रतिशत का लाभ हुआ। इसके विपरीत, दूरसंचार क्षेत्र में डेढ़ प्रतिशत, पूंजीगत वस्तुओं में 1.3 प्रतिशत और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में 1.2 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
बीएसई में समग्र बाजार का रुख नकारात्मक रहा, क्योंकि 2,500 कंपनियों के शेयरों में गिरावट आई, 1,722 कंपनियों के शेयरों में तेजी आई और 190 कंपनियों के शेयर अपरिवर्तित रहे।

