राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 19 जुलाई को मोल्दोवा, उत्तरी मैसेडोनिया और रोमानिया की राजकीय यात्रा पर रवाना होंगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कल मोल्दोवा, उत्तरी मैसेडोनिया और रोमानिया की राजकीय यात्रा पर रवाना होंगी। नई दिल्ली में मीडिया को जानकारी देते हुए विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने बताया कि ये राजकीय यात्राएं, जो इस महीने की 25 तारीख तक चलेंगी, मोल्दोवा गणराज्य, उत्तरी मैसेडोनिया गणराज्य और रोमानिया के राष्ट्रपतियों के निमंत्रण पर की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह मोल्दोवा गणराज्य और उत्तरी मैसेडोनिया में किसी भारतीय राष्ट्रपति की पहली द्विपक्षीय यात्रा होगी। उन्होंने बताया कि रोमानिया की यह यात्रा तीन दशकों से अधिक समय में किसी भारतीय राष्ट्रपति की पहली राजकीय यात्रा होगी। श्री जॉर्ज ने आगे कहा कि इससे पहले रोमानिया की ऐसी यात्रा 1994 में हुई थी।
श्री जॉर्ज ने इस बात पर जोर दिया कि यह दौरा मध्य और पूर्वी यूरोप के साथ भारत की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है और इस क्षेत्र के देशों के साथ साझेदारी को मजबूत करने के लिए भारत की प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है। श्री जॉर्ज ने कहा कि यह यूरोप के साथ भारत की व्यापक भागीदारी और यूरोपीय संघ के साथ उसकी रणनीतिक साझेदारी का भी पूरक है।

