क्वार्टरफाइनल में शानदार प्रदर्शन के बाद भारत ने विश्व मुक्केबाजी कप 2026 में छह पदकों की अपनी दावेदारी पक्की कर ली है।
चीन के गुइयांग में आयोजित विश्व मुक्केबाजी कप 2026 में भारतीय मुक्केबाजों ने अपना प्रभावशाली प्रदर्शन जारी रखा और क्वार्टरफाइनल में शानदार प्रदर्शन के बाद देश के लिए छह पदक सुनिश्चित किए।
महिलाओं के वर्ग में, प्राची ने 57 किलोग्राम वर्ग में चीनी ताइपे की शिह यी वू को 4-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई, जबकि 51 किलोग्राम वर्ग में मीनाक्षी ने कजाकिस्तान की अलुआ बाल्किबेकोवा को 5-0 से हराया। वहीं, 48 किलोग्राम वर्ग में ज्योति और 85 किलोग्राम वर्ग में जुगनू सेमीफाइनल में पहुंचकर भारत के लिए पोडियम पर जगह पक्की कर चुकी हैं।
पुरुषों के वर्ग में, दीपक ने 70 किलोग्राम वर्ग के मुकाबले में अजरबैजान के नबी इस्गंदारोव को सर्वसम्मति से 5-0 के फैसले से हराया, जबकि 55 किलोग्राम वर्ग में निखिल ने भी अजरबैजान के अमीन मम्मादजादा पर 5-0 की शानदार जीत के साथ सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

