नवनीत राणा ने एनसीपी का प्रस्ताव किया अस्वीकार, बोलीं-भाजपा के प्रति मेरी निष्ठा
मुंबई, 09 जून । पूर्व सांसद नवनीत राणा ने एनसीपी का प्रस्ताव अस्वीकार करते हुए कहा कि उनकी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रति निष्ठा है। वह पद के लिए भाजपानही छोड सकती हैं।
पूर्व सांसद नवनीत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर पोस्ट के माध्यम से इस चर्चा पर विराम लगा दिया है कि वे राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में शामिल होकर राज्यसभा जा सकती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि वे भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा के प्रति प्रतिबद्ध हैं और भविष्य में भी भाजपा के लिए ईमानदारी से कार्य करती रहेंगी।
फेसबुक पोस्ट में राणा ने कहा, “मैं भाजपा की एक ईमानदार और निष्ठावान कार्यकर्ता हूँ। किसी भी पद या राजनीतिक अवसर के लिए मैं अपनी विचारधारा नहीं बदलूंगी। भविष्य में भी मैं भाजपा के लिए ईमानदारी से काम करती रहूँगी।”
पिछले कुछ दिनों से उनके संभावित दल-बदल की चर्चाओं को इस रुख के बाद विराम लग गया है। राज्यसभा उम्मीदवारी को लेकर उन्होंने सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार का आभार भी व्यक्त किया।
दोनों ने उन्हें राज्यसभा भेजने की इच्छा जताई थी, लेकिन इसके लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में प्रवेश करने की शर्त रखी गई थी। उन्होंने इस शर्त को स्वीकार करने से इनकार करते हुए संबंधित प्रस्ताव को विनम्रतापूर्वक ठुकरा दिया। सूत्रों के अनुसार, राज्यसभा सीट को लेकर प्रयासों के दौरान उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी मुलाकात की थी। फडणवीस की सलाह पर उन्होंने सुनेत्रा पवार से मुलाकात कर यह सीट भाजपा को देने का अनुरोध किया था, लेकिन विभिन्न राजनीतिक कारणों से यह संभव नहीं हो सका।
बताया जाता है कि संबंधित राज्यसभा सीट राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अजित पवार गुट के पास है, इसलिए उसे भाजपा को देने से इनकार कर दिया गया। इसके बाद उन्हें राष्ट्रवादी कांग्रेस में शामिल होने पर उम्मीदवार बनाने का प्रस्ताव दिया गया, लेकिन दल बदलने के बजाय अपनी राजनीतिक भूमिका के प्रति वफादार रहते हुए नवनीत राणा ने भाजपा के साथ बने रहने का निर्णय लिया।

