हर घर में AI रोबोट! OpenAI का यह प्लान बदल सकता है पूरी दुनिया
एआई चैटबॉट्स के बाद अब आने वाला दौर एआई से चलने वाले रोबोट का होगा. एक के बाद एक टेक कंपनियां रोबोट पर काम कर रही हैं और अब वह दिन दूर नहीं, जब एआई चैटबॉट्स की तरह ही एआई रोबोट हमारे जीवन का हिस्सा बन जाएंगे. हाल ही में ChatGPT बनाने वाली कंपनी OpenAI ने बड़ा ऐलान किया है, जो पूरा गेम बदल सकता है. कंपनी अपनी रोबोटिक्स यूनिट को एक्सपैंड कर रही है और इसके लिए इंजीनियरों की भर्ती शुरू की है. इस यूनिट को भारतीय मूल के टेकी आदित्य रमेश लीड कर रहे हैं. कंपनी का प्लान पर्सनल रोबोट बनाने का है. आइए Personal AI Robot को लेकर OpenAI की पूरी प्लानिंग जानते हैं.
OpenAI के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने कहा कि कंपनी ऐसे रोबोट बनाना चाहती है, जो समाज के काम आ सके. उन्होंने कहा कि एआई सिर्फ डिजिटल वर्ल्ड तक सीमित नहीं होनी चाहिए. यह फिजिकल वर्ल्ड में भी लोगों के काम आनी चाहिए. शुरुआत में कंपनी ऐसे रोबोट बनाएगी, जो इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने में स्किल्ड वर्कर की मदद करेंगे, वहीं लॉन्ग टर्म में पर्सनल रोबोट बनाने का इरादा है, जिससे लोग अपनी मर्जी के कई काम करवा सकेंगे.
मस्क को भी रोबोट से बहुत उम्मीदें
OpenAI के अलावा एलन मस्क की कंपनी टेस्ला भी रोबोट पर काम कर रही है. टेस्ला इस समय ऑप्टिमस ह्यूमनॉयड रोबोट को तैयार कर रही है, जिसे जल्द ही लॉन्च किया जाएगा. मस्क रोबोट को लेकर काफी आशावादी हैं. उनका मानना है कि रोबोट आने से दुनिया से गरीबी दूर हो जाएगी और इंसान को कोई काम नहीं करना पड़ेगा. भविष्य में सारा काम रोबोट संभालेंगे और इंसान सिर्फ शौक के लिए काम कर सकेगा. मस्क ने पिछले साल कहा था कि वो एक बड़ी रोबोट आर्मी बनाना चाहते हैं और आगामी कुछ सालों में ऑप्टिमस रोबोट की 10 लाख यूनिट्स बनाई जाएगी.
अभी तक रेस में चाइनीज कंपनियां आगे
अमेरिका और चीन के बीच रोबोटिक्स को लेकर मजेदार रेस चल रही है और अभी तक चाइनीज कंपनियां इस मामले में आगे हैं. चीन में रोबोट्स को ट्रैफिक संभालने और प्रचार करने जैसे कामों में डिप्लॉय किया जा चुका है. चाइनीज कंपनी Unitree कई कमाल के रोबोट्स तैयार कर चुकी है. कंपनी ने कुछ समय पहले एक रोबोट दिखाया था, जो स्पीड के मामले में वर्ल्ड चैंपियन उसैन बोल्ट का रिकॉर्ड तोड़ सकता है.

