सिर्फ मसाला चाय नहीं, दुनिया में मशहूर हैं ये अलग-अलग तरह की टी
भारत समेत दुनिया के कई देशों में चाय सिर्फ एक पेय नहीं, बल्कि लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी और भावनाओं का अहम हिस्सा बन चुकी है. किसी की सुबह बेड टी से शुरू होती है, तो कोई दिनभर की थकान दूर करने के लिए शाम की चाय का इंतजार करता है. हालांकि, बहुत कम लोग जानते हैं कि दुनिया में चाय की कई अलग-अलग किस्में मौजूद हैं और हर चाय को तैयार करने का तरीका भी खास होता है.
क्यों अलग-अलग तरीके से बनाई जाती है चाय?
ज्यादातर असली चाय कैमेलिया साइनेंसिस नाम के पौधे की पत्तियों से तैयार होती है. इन्हीं पत्तियों को अलग-अलग तरीकों से प्रोसेस करके ब्लैक टी, ग्रीन टी, ऊलोंग टी, व्हाइट टी, पु-एर टी और डार्क टी बनाई जाती हैं. वहीं लैवेंडर टी, कैमोमाइल टी, पेपरमिंट टी और दूसरी हर्बल ड्रिंक्स तकनीकी रूप से चाय नहीं मानी जातीं, क्योंकि वे अलग पौधों, फूलों और जड़ी-बूटियों से तैयार होती हैं.
ग्रीन टी- हेल्दी विकल्प
ग्रीन टी को दुनिया की सबसे लोकप्रिय हेल्दी टी में गिना जाता है. इसकी पत्तियों को तोड़ने के तुरंत बाद तेज गर्मी देकर प्रोसेस किया जाता है, ताकि ऑक्सीडेशन न हो और पत्तियों का प्राकृतिक हरा रंग बना रहे. ग्रीन टी अपने हल्के स्वाद और एंटीऑक्सीडेंट्स के लिए जानी जाती है. चीन में इसे पैन में गर्म करके तैयार किया जाता है, जबकि जापान में स्टीमिंग तकनीक का इस्तेमाल होता है.
जापान की खास पहचान- माचा टी
माचा टी जापान की पारंपरिक और खास चाय मानी जाती है. इसे बनाने के लिए चाय की पत्तियों को छाया में उगाया जाता है. बाद में उनकी नसें और डंठल हटाकर बारीक पाउडर तैयार किया जाता है. इस पाउडर को गर्म पानी में फेंटकर पिया जाता है. यही वजह है कि माचा टी का स्वाद और टेक्सचर सामान्य ग्रीन टी से काफी अलग होता है.
ब्लैक टी का मजबूत स्वाद
ब्लैक टी दुनिया में सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली चायों में शामिल है. इसकी पत्तियों को पूरी तरह ऑक्सीडाइज किया जाता है, जिससे इसका रंग गहरा और स्वाद मजबूत हो जाता है. भारत की लोकप्रिय मसाला चाय और ब्रेकफास्ट टी इसी श्रेणी में आती हैं. मसाला चाय में ब्लैक टी के साथ दूध, चीनी, अदरक, इलायची, दालचीनी और लौंग जैसे मसालों का इस्तेमाल किया जाता है.
ऊलोंग टी का अलग स्वाद
ऊलोंग टी को पार्टली ऑक्सीडाइज्ड टी कहा जाता है. इसे बनाने के लिए पत्तियों को हल्का सुखाया जाता है, फिर उन्हें हिलाकर और गर्म करके प्रोसेस किया जाता है. इसका स्वाद ग्रीन टी और ब्लैक टी के बीच का माना जाता है, इसलिए यह दोनों तरह की चाय पसंद करने वालों के बीच काफी लोकप्रिय है.

