Mumbai

फर्जी ई-चालान मैसेज भेजकर दस लाख की ठगी

मुंबई, 14 मई । पालघर जिले के बोईसर में फर्जी ई-चालान संदेश के जरिए एक व्यक्ति से करीब 10 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता अब्दुल रहमान रफातुल्ला खान के एक मित्र के मोबाइल पर वाहन ई-चालान से जुड़ा संदेश आया था, जिसमें एक एपीके फाइल भेजी गई थी। संदेश समझ में नहीं आने पर मित्र ने वह फाइल शिकायतकर्ता को भेज दी। जैसे ही शिकायतकर्ता ने फाइल खोली, मोबाइल का डेटा साइबर ठगों के कब्जे में चला गया। इसके बाद ठगों ने उसके बैंक खाते से 9 लाख 99 हजार 999 रुपये निकाल लिए।