भिलाई चरोदा निगम क्षेत्र में सुशासन तिहार का कलेक्टर ने किया निरीक्षण
भिलाई-3 । नगर भिलाई-चरोदा के उमदा वार्ड में मंगलवार को आयोजित सुशासन तिहार का कलेक्टर अभिजीत सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान नगर निगम चरोदा के आयुक्त डीएस राजपूत, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) महेश सिंह राजपूत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। वही निगम महापौर निर्मल कोसरे, विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू, दिलीप पटेल, नेता प्रतिपक्ष राम खिलावन वर्मा, वरिष्ठ पार्षद फिरोज फारूखी ने भी विभिन्न स्टालों का निरीक्षण कर जानकारी ली और हितग्राहियों से बात किया।
राज्य शासन के निर्देशानुसार सुशासन तिहार 2026 के तहत नगर पालिक निगम भिलाई-चरोदा क्षेत्र में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान करना है।
शिविर का आयोजन वार्ड क्रमांक 6 स्थित सामुदायिक भवन उमदा में किया गया, जिसमें वार्ड क्रमांक 1 से 6 तक के नागरिक शामिल हुए। नागरिकों से सीधे आवेदन लेकर समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया शुरू की गई। निगम क्षेत्र में 11 मई को मंगल भवन में वार्ड 7 से 17 तक का आयोजन किया जाएगा। वार्ड 1 से 6 तक के लिए आयोजित शिविर में 78 मांग और 10 शिकायत का आवेदन प्राप्त हुआ, जिसमें 52 निकाय संबंधित और 36 अन्य विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।

