FEATUREDNational

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा की जीत को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व बताया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय जनता पार्टी -भाजपा की जीत को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व बताया। उन्होंने पश्चिम बंगाल, असम, पुद्दुचेरी, तमिलनाडु और केरलम् की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। कल शाम दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में चुनाव परिणामों के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बीस से अधिक राज्यों में भाजपा-एनडीए सरकारें सत्ता में हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का मंत्र है “नागरिक ही भगवान है” और पार्टी जनता की सेवा के लिए समर्पित है। श्री मोदी ने कहा कि जनता इसीलिए पार्टी पर अधिकाधिक भरोसा जता रही है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जनता स्पष्ट रूप से देख रही है कि जहां भाजपा है, वहां सुशासन और विकास है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के लिए एक नए सवेरे का आगमन हुआ है और जनता ने भारत के महान लोकतंत्र, प्रदर्शन की राजनीति और ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना में अपना विश्वास जताया है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देने के लिए भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की सराहना की।

श्री मोदी ने इस बात का उल्लेख किया कि असम की जनता ने लगातार तीसरी बार भाजपा-एनडीए पर भरोसा जताया है और यह एक हैट्रिक है। उन्होंने इसे असम के इतिहास में एक बड़ी उपलब्धि बताया।

रिकॉर्ड मतदान का जिक्र करते हुए, प्रधानमंत्री ने चुनावों के सुचारू संचालन के लिए निर्वाचन आयोग, उसके अधिकारियों, मतदान कर्मियों और सुरक्षा बलों को बधाई दी।

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने चारों राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की जनता को भाजपा और एनडीए पर अपना समर्थन और विश्वास जताने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि असम, पश्चिम बंगाल और पुद्दुचेरी विधानसभा चुनावों के परिणाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की जनता के अटूट समर्थन और विश्वास को दर्शाते हैं। श्री नवीन ने कहा कि पश्चिम बंगाल में मिली यह शानदार जीत पार्टी कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों और समर्पण का परिणाम है।