विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता के अनुसार, मुख्य भूमि फ्रांस से केवल हवाई मार्ग से होकर गुजरने वाले भारतीय नागरिकों को अब ट्रांजिट वीजा की आवश्यकता नहीं होगी।
भारत ने फ्रांसीसी हवाई अड्डों से होकर गुजरने वाले भारतीय नागरिकों के लिए वीजा-मुक्त पारगमन की घोषणा का स्वागत किया है। आज शाम नई दिल्ली में मीडिया को जानकारी देते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारतीय पासपोर्ट धारकों के लिए पारगमन वीजा की आवश्यकता को समाप्त करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन के बीच इस वर्ष फरवरी में मुंबई में हुई बैठक में सहमति बनी थी। उन्होंने कहा कि फ्रांस सरकार ने अब इस समझौते को लागू कर दिया है। जायसवाल ने कहा कि 10 अप्रैल से, मुख्य भूमि फ्रांस से केवल हवाई मार्ग से पारगमन करने वाले भारतीय नागरिकों को अब पारगमन वीजा की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने कहा कि यह निर्णय भारत और फ्रांस के बीच स्थायी साझेदारी को दर्शाता है, जिसे राष्ट्रपति मैक्रॉन की यात्रा के दौरान एक विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाया गया है, और यह लोगों की सुगम आवाजाही को और सुविधाजनक बनाने और लोगों के बीच संबंधों को मजबूत करने में सहायक है।

