National

कई इलाकों में अंधड़, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी

रायपुर, 27 मार्च । छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में अंधड़, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग ने अंधड़, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी करते हुए जानकारी दी है कि सरगुजा, मध्य और दक्षिणी छत्तीसगढ़ (रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, बस्तर) के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।आने वाले दिनों में तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलेगी । साथ ही 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है, जो आगे चलकर 40-50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी ओडिशा और दक्षिण गंगा-क्षेत्रीय पश्चिम बंगाल के ऊपर सक्रिय ऊपरी वायु चक्रवात का असर छत्तीसगढ़ पर पड़ रहा है, जिसके चलते मौसम में यह बदलाव देखा जा रहा है।

प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य बना हुआ है राजनांदगांव में पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक 40.0°C तापमान दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 16.9°C रहा।