बलरामपुर : धान उठाव में तेजी लाने के निर्देश, कलेक्टर ने की समीक्षा
बलरामपुर, 18 मार्च । जिले में धान उठाव कार्य को लेकर कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने बुधवार काे समिति प्रबंधकों और खरीद प्रभारियों की बैठक लेकर विस्तृत समीक्षा की। संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में समितिवार धान उठाव की स्थिति की जानकारी ली गई।
कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निर्धारित समय-सीमा में धान उठाव कार्य शीघ्र पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि मौसम की अनिश्चितताओं को देखते हुए धान का समय पर और सुरक्षित उठाव बेहद आवश्यक है, ताकि बारिश या खराब मौसम से नुकसान से बचा जा सके।
उन्होंने सभी समितियों को व्यवस्थित ढंग से कार्य करने और धान उठाव में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को सतत मॉनिटरिंग करने और प्रगति पर नियमित नजर रखने को कहा।
बैठक में अपर कलेक्टर आरएस लाल, जिला विपणन अधिकारी प्रितिका पूजा केरकेट्टा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

