जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती युवती ने फांसी लगाकर दी जान, अस्पताल में मचा हड़कंप
धमतरी, 11 मार्च । जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती एक युवती द्वारा अस्पताल के शौचालय में फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और अस्पताल स्टाफ मौके पर पहुंचा और युवती को फांसी से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मिली जानकारी के अनुसार कोंडागांव जिले के ग्राम खोपाबेड़ा निवासी दशोमती नेताम (20 वर्ष) को मंगलवार को गंभीर रूप से झुलसने की स्थिति में जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया था। बताया जा रहा है कि, युवती घर में खाना बनाते समय आग की चपेट में आ गई थी, जिससे उसका चेहरा बुरी तरह झुलस गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बर्न वार्ड में भर्ती कर डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया था।
बुधवार दोपहर लगभग डेढ़ बजे युवती वार्ड से उठकर महिला प्रसाधन गई, जहां उसने अपने दुपट्टे से फांसी लगा ली। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर संदेह हुआ, जिसके बाद अस्पताल स्टाफ ने शौचालय का दरवाजा खोला। अंदर युवती को फंदे पर लटका देख तत्काल अस्पताल प्रबंधन और पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंचे कर्मचारियों ने युवती को फांसी से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि मृतिका शहर के एक राइस मिल में काम करती थी और उपचार के दौरान अस्पताल में भर्ती थी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अस्पताल परिसर में इस घटना के बाद मरीजों और उनके परिजनों में भी चर्चा का माहौल बना रहा। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

